नई दिल्ली, । ईपीएफओ की वेबसाइट को अपडेट करने का काम पूरा हो गया है। संगठन ने कहा है कि करीब 10 दिन की प्रक्रिया के बाद डाटाबेस एकीकरण और सॉफ्टवेयर अपग्रेड सफलतापूर्वक पूरा किया। हालांकि, कई सेवाओं को शुरू होने में समय लग सकता है।
ईपीएफओ के अनुसार, अब अगले दो सप्ताह तक दावों और अन्य सेवा अनुरोधों का निपटारा चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा। हालांकि वेबसाइट अपडेट होने के बाद अभी तक कई तरह की दिक्कतें सामने आ रही हैं, जिनके दूर होने में अभी थोड़ा समय लगेगा।
सॉफ्टवेयर अपडेट प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब दावों की सटीकता सुनिश्चित करने के लिए अतिरिक्त जांच और सत्यापन किया जाएगा। इस वजह से सदस्यों और नियोक्ताओं को कुछ सेवाओं और क्लेम के निपटारे में सामान्य से थोड़ा अधिक समय लग सकता है। ईपीएफओ ने सभी से सहयोग करने की अपील की है। साथ ही व्यस्त समय में बार-बार ऑनलाइन सेवाओं का उपयोग करने या एक ही अनुरोध कई बार भेजने से बचने की सलाह दी गई है।
एक वरिष्ठ अधिकारी बताते हैं कि डेटाबेस एकीकरण और सॉफ्टवेयर अपग्रेड का काफी अहम था, जिसे अब सफलतापूर्वक पूरा किया गया है। अब धीरे-धीरे सेवाओं को सुचारू रूप से शुरू किया जाएगा।

