05 September 2026

15 साल के अधिक उम्र के एक हजार नव साक्षर देंगे परीक्षा

भदोही 15 साल की उम्र से अधिक करीब एक हजार नव साक्षर आगामी 20 सितंबर को होने वाली परीक्षा में शामिल होंगे। बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से इसको लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई है। निर्धारित प्राथमिक, उच्च प्राथमिक और कंपोजिट विद्यालयों में नव साक्षर परीक्षा देंगे।

 




निरक्षरों को साक्षर बनाने के लिए नव भारत साक्षरता अभियान चलाया जा रहा है। 15 वर्ष से अधिक आयुवर्ग के निरक्षरों को चिह्नित कर वालंटियरों की ओर से दीक्षा पोर्टल के माध्यम से पढ़ाई करवाकर साक्षर बनाया जा रहा है। इनको विशेष एवं सरल सामग्री पद्धति से शिक्षण कार्य कराया जा रहा है और गणित, मात्रा ज्ञान, स्वर परिचय, संयुक्त वर्ण परिचय, हिंदी, आओ बनाएं शब्द, संख्या ज्ञान, गिनती, जोड़-घटाव, गुणा-भाग करना सिखाया गया। जिले में 15 साल की उम्र के करीब पांच से छह हजार के आसपस नव साक्षर हैं। पहले चरण में करीब एक हजार नव साक्षरों की परीक्षा कराई जाने की तैयारी शुरू कर दी गई है। जिला समन्वयक सामुदायिक सहभागिता मोहित मौर्य ने बताया कि नव साक्षरों की परीक्षा 20 सितंबर को प्रस्तावित है। चिन्हित परिषदीय विद्यालयों में यह परीक्षा होगी। पांच से छह हजार नव साक्षर हैं, लेकिन बजट एक हजार के लिए आया है। जिससे यह परीक्षा एक हजार नव साक्षरों की होगी।