08 September 2026

चयन आयोग ने जारी किए यूपीटीईटी के प्रमाणपत्र


प्रयागराज। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटीईटी-2026) में सफल घोषित सभी अभ्यर्थियों के प्रमाण-पत्र सोमवार को वेबसाइट पर जारी कर दिए। अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि सफल अभ्यर्थी आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध लिंक के माध्यम से अपना अनुक्रमांक एवं जन्मतिथि दर्ज कर प्रमाण-पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उक्त प्रमाण-पत्र डिजिलॉकर के माध्यम से भी यथाशीघ्र उपलब्ध कराया जाएगा।

ये भी पढ़ें - UPTET Download Certificate ❇️UPTET 2026 प्रमाण पत्र जारी, देखें डाउनलोड लिंक


उन्होंने आश्वस्त किया कि प्रयास है कि परीक्षा एवं प्रमाण-पत्र से संबंधित सभी प्रक्रियाएं पारदर्शी, सुगम और अभ्यर्थी हितैषी तरीके से समयबद्ध रूप से पूरी की जाएं। यूपीटीईटी दो से चार जुलाई तक पांच पालियों (उच्च प्राथमिक स्तर की तीन और प्राथमिक स्तर की दो) में प्रदेश के 60 जिलों के 955 परीक्षा केन्द्रों पर कराई गई थी। 26 अगस्त को घोषित परिणाम में प्राथमिक स्तर (कक्षा एक से पांच तक) की परीक्षा में कुल 7,13,648 अभ्यर्थी सम्मिलित हुए थे, जिनमें से 5,71,435 (80.07 प्रतिशत) अभ्यर्थी सफल घोषित किए गए।


उच्च प्राथमिक स्तर (कक्षा छह से आठ तक) की परीक्षा में कुल 10,57,021 अभ्यर्थी सम्मिलित हुए, जिनमें से 7,59,513 (71.85 प्रतिशत) अभ्यर्थी सफल थे। सफल अभ्यर्थियों के प्रमाणपत्र ऑनलाइन ही उपलब्ध कराए जाएंगे। जल्द ही डिजिलॉकर पर प्रमाणपत्र अपलोड होंगे।