मंडल के 37 विद्यालयों की अपलोड कर दी गलत जियो लोकेशन
लखनऊ : मंडल के 37 माध्यमिक विद्यालयों की जियो लोकेशन गलत अपलोड कर दी गई। माध्यमिक शिक्षा परिषद के अपर सचिव (प्रशासन) ने लखनऊ मंडल के सभी छह जिलों लखनऊ, हरदोई, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, रायबरेली व उन्नाव के इन विद्यालयों की सही जियो लोकेशन अपडेट करने के निर्देश दिए हैं।
मंडलीय विज्ञान प्रगति अधिकारी डा. दिनेश कुमार ने बताया कि लखीमपुर खीरी व हरदोई के सर्वाधिक आठ-आठ, लखनऊ और रायबरेली के सात-सात, सीतापुर के चार व उन्नाव के तीन माध्यमिक विद्यालयों की जियो लोकेशन त्रुटिपूर्ण पाई गई है। एक ही जिले के एक से अधिक विद्यालयों की जियो लोकेशन यानी अक्षांश एवं देशांतर एक समान हैं। ऐसा तभी होता है जब एक ही स्थान से एक से अधिक विद्यालयों की जियो लोकेशन अपडेट की जाती है।
संयुक्त शिक्षा निदेशक डा. प्रदीप कुमार ने जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालयों से कहा है कि संबंधित विद्यालय बोर्ड द्वारा उपलब्ध कराए गए मोबाइल एप को लागइन करें और स्कूल की ऐसी फोटो लें, जिसमें विद्यालय का मुख्य गेट और विद्यालय का नाम स्पष्ट रूप से दिखाई दे।

