15 दिन में सोना 10,500 और चांदी का 8,500 रुपये गिरा दाम
सराफा बाजार में ग्राहकों की इन दिनों बढ़ गई चहल-पहल, कीमत कम होने से लोग दीपावली को लेकर देने लगे आर्डर
, प्रयागराज : सोने-चांदी की चढ़ी कीमत तेजी से नीचे आई है। 15 दिन में 10 ग्राम सोना 10,500 रुपये लुढ़ककर सोमवार को 1,49,500 रुपये में हो गया है, वहीं एक किलो चांदी भी 2,35,500 रुपये में हो गई है। इसमें 8,500 रुपये की गिरावट आई है। इसका सीधा असर सराफा बाजार पर पड़ा है। आने वाले दिनों में वैवाहिक कार्यक्रम और त्योहार को देखते हुए लोगों ने आर्डर भी देने शुरू कर दिए हैं। लोगों को आशंका है कि कहीं कीमतें फिर न चढ़ जाएं।
24 अगस्त को 10 ग्राम सोना 1.60 लाख रुपये में था, जबकि एक किलो चांदी 2.44 लाख रुपये थी। इससे सराफा बाजार में सन्नाटा पसर गया था। लोगों के साथ ही सराफा कारोबारी भी परेशान हो उठे थे, लेकिन 26 अगस्त से कीमतों में थोड़ी गिरावट शुरू हुई।
इधर तीन दिन से सोना-चांदी के दाम तेजी से कम हुए। इंडियन बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष दिनेश सिंह ने बताया कि कीमतें तेजी से नीचे आई हैं। उम्मीद है कि आने वाले दिनों में दाम और कम होंगे।

