08 September 2026

शिक्षिका ने महिला दरोगा को जड़ा थप्पड़

लखनऊ,  महानगर के विज्ञानपुरी हल्का प्रभारी महिला दरोगा सान्या निरंजन ने प्राथमिक विद्यालय की एक शिक्षिका पर थाने के अंदर थप्पड़ मारने का आरोप लगाया है। महिला दरोगा ने शिक्षिका के खिलाफ थाने में मारपीट कर, सरकारी कार्य में बाधा समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है। उधर शिक्षिका ने मारपीट के मामले में महिला दरोगा पर सुनवाई न करने का आरोप लगाया है।



इंस्पेक्टर महानगर अखिलेश कुमार मिश्र के मुताबिक महिला दरोगा सान्या निरंजन विज्ञानपुरी हल्का प्रभारी हैं। शनिवार को वह क्षेत्र में गश्त पर थीं। इस बीच उन्नाव जनपद के सर्वोदयनगर में रहने वाली शिक्षिका का विज्ञानपुरी इलाके में किसी से विवाद हो गया था। शिक्षिका विवाद की शिकायत लेकर थाने पहुंची थी। दरोगा कुछ देर बाद थाने पहुंची। शिक्षिका को कुछ देर थाने में बैठना पड़ा। दरोगा के पहुंचने पर शिक्षिका ने उन्हें अपनी शिकायत बताई। दरोगा मामले में कार्रवाई कर रही थी। इस बीच एकाएक शिक्षिका भड़क गई। दरोगा से हाथापाई शुरू कर दी। जोर जोर से चिल्लाने लगीं। जब तक अन्य पुलिस कर्मी दौड़े शिक्षिका ने दरोगा को थप्पड़ जड़ दिया। उनकी वर्दी फाड़ने की कोशिश की। महिला पुलिस कर्मियों ने शिक्षिका को खींचकर अलग किया। इसके बाद दरोगा ने थाने में तहरीर दी। इंस्पेक्टर ने बताया कि दरोगा की तहरीर पर आरोपी शिक्षिका के खिलाफ मारपीट करने, सरकारी कार्य में बाधा करने समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच की जा रही है।

शिक्षिका ने लगाया सुनवाई न करने का आरोप

इंस्पेक्टर के मुताबिक शिक्षिका ने दरोगा पर मामले में सुनवाई न करने का आरोप लगाया। उनका कहना था कि वह थाने में बैठी थी। दरोगा पहुंची और उनकी सुनवाई करने के बजाए किसी अन्य काम में लग गई। जबकि प्राथमिक जांच में शिक्षिका के आरोप निराधार मिले। दरोगा उनकी बात सुन रही थी। इस बीच एकाएक शिक्षिका भड़क गई और वह हाथापाई कर मारपीट करने लगी थी। मामले की जांच जारी है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।