हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें

18 January 2022

UPTET: टीईटी के सकुशल आयोजन के लिए अधिकारियों की जिम्मेदारी तय, अधिकारियों को जारी किए गए दिशा-निर्देश

प्रदेश सरकार ने 23 जनवरी को होने वाली शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपी-टीईटी : 2021) को नकल विहीन, शांतिपूर्ण व पारदर्शिता से संपन्न कराने के लिए विस्तृत दिशानिर्देश जारी किए हैं। इसमें अधिकारियों के जिम्मेदारियां तय कर दी गई हैं। सुबह की पाली में टीईटी प्राथमिक स्तर व शाम की पाली में उच्च प्राथमिक स्तर की होगी। गौरतलब है कि प्रश्नपत्र लीक होने के बाद यह परीक्षा दोबारा आयोजित की जा रही है। 



अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश कुमार अवस्थी ने कहा है कि यह परीक्षा जिला स्तर पर जिलाधिकारी की अध्यक्षता वाली समिति तय परीक्षा केंद्रों पर आयोजित कराएगी। प्रत्येक केंद्र पर दो स्टेटिक मजिस्ट्रेट लगाए जाएंगे, जिनकी देखरेख में पूरी परीक्षा होगी। इसी तरह उत्तर पुस्तिकाओं को कोषागार से प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर सुरक्षित पहुंचाने की जिम्मेदारी डीएम द्वारा नामित सेक्टर मजिस्ट्रेट व डीआईओएस की होगी। प्रत्येक पाली के लिए स्टेटिक मजिस्ट्रेट व सेक्टर मजिस्ट्रेट अलग-अलग होंगे।


उन्होंने प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर प्रत्येक पाली के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के निर्देश दिए गए हैं। इसके अतिरिक्त आवश्यक संख्या में महिला पुलिस कर्मियों की तैनाती भी करने को कहा है। ये निर्देश समस्त मंडलायुक्तों, जिलाधिकारियों, पुलिस आयुक्तों व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों को जारी किए गए हैं।

अपर मुख्य सचिव ने प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर प्रश्नपत्र खोले जाने और परीक्षा समाप्त होने के बाद ओएमआर उत्तर पत्रक सील करने की वीडियो रिकार्डिंग कराने के निर्देश दिए हैं। वहीं, शासन की घोषणा के क्रम में परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को परिवहन निगम की बसों और सिटी बसों में नि:शुल्क यात्रा सुविधा दी जाएगी। इसके लिए परिवहन निगम के अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।

कोविड प्रोटोकॉल का कड़ाई से होगा पालन
- प्रत्येक केंद्र पर कोविड हेल्पडेस्क बनाया जाएगा।
- पर्याप्त संख्या में थर्मल स्कैनर व ऑक्सीमीटर की व्यवस्था की जाएगी।
- प्रत्येक परीक्षा कक्ष में हैंड सेनिटाइजर रखे जाएंगे।
- अतिरिक्त सर्जिकल मास्क रखा जाए, जिसे अभ्यर्थियों के भूलकर आने पर उपलब्ध कराया जाएगा।
- अभ्यर्थियों को उचित दूरी पर बैठाया जाएगा।

Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more