हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें

12 February 2022

एडी को निरीक्षण में अनुपस्थित मिले बीईओ, समस्त कार्यालय अभिलेख भी साथ ले गए, बीएसए से की शिकायत

रायबरेली मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशक (बेसिक) पीएन सिंह के निरीक्षण में बृहस्पतिवार को शिवगढ़ के खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में कोई अभिलेख नहीं मिला। पता लगा कि सारी पत्रावलियां तो खंड शिक्षा अधिकारी अपने साथ ले गए हैं। बीईओ से इस बाबत बात करने का प्रयास किया तो उनका फोन बंद था। काफी शिक्षक कार्यालय में मौजूद थे। एडी (बेसिक) ने बीएसए को बीईओ के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।





एडी (बेसिक) दोपहर में निरीक्षण के लिए शिवगढ़ के खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय पहुंचे। कार्यालय में उस समय 75 शिक्षक मौजूद थे। जिन्होंने बताया कि बैठक के लिए बुलाया गया है। बैठक का संचालन दो एआरपी कर रहे थे, लेकिन बीईओ गैरहाजिर थे। एडी बेसिक ने उपस्थित अध्यापकों को निपुण भारत, डीबीटी फीडिंग आदि के बारे में जानकारी दी। बीईओ कार्यालय में निरीक्षण के दौरान कार्यालय सहायक अनिल कुमार व सौरभ द्विवेदी, कंप्यूटर आपरेटर सौरभ शर्मा, संबद्ध शिक्षक ब्रज किशोर वर्मा व धर्मेंद्र उपस्थित मिले, जबकि लेखाकार गौतम मौर्य अनुपस्थित रहे। एडी बेसिक ने बताया कि कार्यालय में उपस्थित कार्मिकों से बाल्य देखभाल अवकाश अभिलेख, चिकित्सकीय अवकाश अभिलेख पत्र व्यवहार पंजिका, आवागमन पंजिका, आवेदन पंजिका, डिस्पैच रजिस्टर, पुरानी पंजिकाएं समेत अन्य अभिलेख व पत्रावलियां मांगी गई। कार्मिकों ने बताया कि समस्त अभिलेख खंड शिक्षा अधिकारी साथ ले गए हैं, कार्यालय में कोई अभिलेख नहीं है। पोर्टल पर लंबित प्रकरण दिखाने को कहा गया तो कार्मिकों ने बताया कि लॉगिन और पॉसवर्ड बीईओ के पास है। इस पर एडी बेसिक ने नाराजगी जताई। एडी (बेसिक) ने कहा कि आकस्मिक निरीक्षण के समय बीईओ की अनुपस्थिति और कार्यालय में अभिलेखों का न पाया जाना खेदजनक है। उन्होंने निरीक्षण के दौरान मिली खामियों के बारे में बीएसए को बताया। एडी बेसिक ने बीईओ को कॉल किया तो उनका मोबाइल स्विच ऑफ था। एडी (बेसिक) ने बताया कि बीएसए को निरीक्षण में मिलीं खामियों से अवगत कराते हुए शिवगढ़ के बीईओ के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। बीएसए शिवेंद्र प्रताप सिंह का कहना है कि एडी (बेसिक) किस प्रकरण के सिलसिले में आए थे, निरीक्षण आख्या मिले तो सही जानकारी पता चलेगी।

Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more