हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें

19 December 2022

अवकाश स्वीकृत करने में शिक्षकों को परेशान कर रहे बीईओ


प्राथमिक शिक्षक संघ के बैनर तले शिक्षकों ने नवागत बीएसए से मिल कर तीन खंड शिक्षाधिकारियों की शिकायत करते हुए कहा कि जिले में शिक्षकों को परेशान किया जा रहा है। वहीं स्कूल न जाकर बीआरसी पर बैठने वाले शिक्षक एवं शिक्षामित्रों को पकड़ने के लिए ब्लॉक संसाधन केंद्रों पर सीसीटीवी लगवाने की मांग की।


प्राथमिक शिक्षक संघ का प्रतनिधि मंडल ने बीएसए आशीष कुमार पांडे से मिलकर ज्ञापन सौंपा। शिक्षकों ने काह कि सभी ब्लॉक के एनपीएस फॉर्म जमा करने के लिए बीएसए दफ्तर में एक काउंटर बनाया जाए। जहां से शिक्षकों को रिसीविंग भी दी जाए। खैरगढ़, अरांव एवं मदनपुर के बीईओ की शिकायत करते हुए कहा कि एक-दो दिन के मेडिकल एवं सीसीएल स्वीकृत करने में भी शिक्षकों को परेशान किया जाता है, जबकि इस तरह के अवकाश स्वीकृत कर देने चाहिए। शिक्षक नेता कमलकांत पालीवाल ने कहा कि बीआरसी पर सीसीटीवी कैमरे लगवाए जाएं, ताकि स्कूल न जाकर दिन भर बीआरसी पर बैठने वाले शिक्षक एवं शिक्षामित्रों पर रोक लग सके। उन्होंने कहा कि डीए एवं बोनस के बिल अभी तक बीईओ द्वारा लेखा में नहीं दिए हैं, जबकि लेखाधिकारी के स्तर से तीन पत्र जारी हो गए हैं।

शिक्षकों को यू डायस प्रपत्र भरने में परेशानी हो रही है। हर ब्लॉक पर तारीख निर्धारित करते हुए प्रशिक्षण देकर इन्हें भरवाया जाए। शिक्षकों ने कहा कि शिक्षकों का एक दिन का वेतन स्वीकृत अवकाश पर रहने या थोडी देर से स्कूल पहुंचने पर रोका है, इनका वेतन निर्गत करने के सामूहिक आदेश दिए जाएं। अस्थाई रूप से रोकी गई वेतन वृद्धि बहाल करने की मांग की। ज्ञापन सौंपने वालों में जिलाध्यक्ष शौर्यदेव मणि यादव, कमलकांत पालीवाल, अभिषेक कुमार, दिनेश राजा, निर्भय, अरुण कुमार, अवधेश कौशिक, अभिषेक यादव, नीलेश यादव, विपेंन्द्र कुमार, रंजीत यादव एवं नवल किशोर प्रमुख हैं।

Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more