हमारे WhatsApp चैनल को फॉलो करें

08 October 2023

छात्रा को कमरे में बंद कर लातघूंसों से पीटा, आरोपी परिषदीय स्कूल का हेडमास्टर निलंबित


बाघराय (प्रतापगढ़), हिन्दुस्तान संवाद। परिषदीय स्कूल में छात्रा के झाड़ू लगाने की खबर सोशल मीडिया पर वायरल होने से नाराज हेडमास्टर ने छात्रा को कमरे में बंद कर लात-घूंसों से जमकर पीटा। सिर और सीने पर चोट लगने से कुछ देर बाद छात्रा की तबीयत बिगड़ने लगी, यह देख साथ रही छात्राओं ने उसे पानी पिलाया और परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजन एम्बुलेंस बुलाकर उसे सीएचसी ले गए। मामले में बीएसए ने हेडमास्टर को निलंबित कर दिया है।

विकास खंड बिहार के उच्च प्राथमिक विद्यालय मंडल भासों में शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे कक्षा सात की एक छात्रा झाड़ू लगा रही थी। विद्यालय में सिर्फ एक शिक्षामित्र मौजूद थे जबकि हेडमास्टर सहित अन्य शिक्षक अनुपस्थित थे। छात्रा की झाड़ू लगाती फोटो सोशल मीडिया पर वायरल होने लगी। आरोप है कि इससे नाराज हेडमास्टर पारसनाथ वरुण ने शनिवार सुबह विद्यालय पहुंचते ही छात्रा को कमरे में बुला लिया और दरवाजा बंद कर उसे लात घूंसों से पीटने लगे। छात्रा ने बताया कि वह हेडमास्टर से कान पकड़कर गलती मानती रही लेकिन उन्हें तरस नहीं आया।

कुछ देर बाद वह कमरे से कांपती हुई निकली तो साथी छात्राओं ने पूछताछ की। इस पर रोते हुए उसने बताया कि सिर और सीने पर चोट लगने से उसे तेज दर्द हो रहा है। छात्राओं ने उसे पानी पिलाया और सूचना परिजनों को दी।


मौके पर पहुंचे परिजनों ने घटना पर नाराजगी जताई और एम्बुलेंस से छात्रा को सीएचसी बाघराय ले गए और भर्ती कराया। इस बाबत हेडमास्टर पारसनाथ वरुण का कहना है कि होमवर्क पूरा नहीं करने पर उन्होंने छात्रा को डांटा और एक थप्पड़ मारा। लात घूंसों से पीटने का आरोप गलत है।


सोशल मीडिया पर एक छात्रा का बयान वायरल हो रहा है जिसमें वह हेडमास्टर पर पिटाई का आरोप लगा रही है। प्रथम दृष्टया प्रधानाध्यापक को दोषी पाए जाने पर उसे निलंबित कर दिया गया है। -भूपेन्द्र सिंह, बीएसए

● सिर व सीने पर चोट लगने से बिगड़ी छात्रा की तबीयत

● सूचना पर पहुंचे परिजन एम्बुलेंस से ले गए अस्पताल

Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more