मानसून अपडेट: आ रहे झमाझम बारिश के दिन, यूपी में इस दिन होगी मॉनसून की एंट्री

यूपी में इस समय पूरब से पश्चिम तक प्रचंड गर्मी ने लोगों को बेहाल कर रखा है। इस बीच लोगों के लिए मानसूनी बारिश को लेकर एक अच्‍छी खबर आई है। मौसम विज्ञानियों की मानें तो इस बार मॉनसून जून दस्‍तक देगा। अनुमान है कि सितम्‍बर तक यूपी में सामान्‍य से अधिक बारिश होगी। कुल मिलाकर मॉनसून अच्‍छा रहने वाला है। झमाझम बारिश लोगों को भीषण गर्मी से राहत देने वाली है। 




मौसम विज्ञानियों का कहना है इस बार मॉनसून अच्छा रहेगा और बारिश ठीक से होगी। यूपी में लोगों को बारिश गर्मी से जल्‍द राहत देने वाली है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि यूपी में मॉनसून 15 से 22 जून के बीच दस्तक दे सकता है। हालांकि यह ठीक किस दिन दस्तक देगा यह अभी एक हफ्ते बाद साफ हो पाएगा। 


पूर्वी यूपी में हवा के बदले रुख से छंट गए बादल

पूर्वी यूपी में हवा का रुख बदल गया है। पूरवा थम गई है और पूर्वांचल में पछुआ की एक बार फिर एंट्री हो गई है। इससे आसमान से बदल छंट गए और पारा ऊपर चढ़ गया है। शनिवार को दिन का तापमान सामान्य से करीब 2.3 डिग्री सेल्सियस अधिक 40.5 डिग्री रहा। गर्मी का असर मतदान पर भी दिखा।



दोपहर में धूल भरी आंधी चली और उसके बाद सूरज की तपिश बढ़ गई। इससे मतदान केन्द्रों पर सन्नाटा पसर गया। चार बजे तक धूल भरी गर्म हवा चलती रही। शाम को भी मौसम में उमस व गर्मी रही। शनिवार को न्यूनतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य से करीब दो डिग्री सेल्सियस अधिक था।


शनिवार को हवा का रूख बदलने से आसमान साफ हो गया है। मौसम विभाग ने पहले रविवार को बूंदाबांदी का अनुमान जताया था। लेकिन हवा का रूख बदलने के बाद विभाग ने साफ कर दिया कि अब रविवार को आसमान अपेक्षाकृत साफ रहेगा। दिन में तापमान उपर चढ़ सकता है।


प्रयागराज में उमस ने निकाला दम

एक सप्ताह से भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों को शनिवार को बादल छाने से तपिश से थोड़ी राहत मिली। हालांकि बारिश नहीं हुई, लेकिन तापमान में गिरावट दर्ज की गई। अधिकतम तापमान 41.4 दर्ज किया गया। वहीं आर्द्रता बढ़ने से उमस ने परेशान किया।



न्‍यूनतम तापमान अपने एक दिन पहले के 33.8 डिग्री सेल्सियस से तीन डिग्री सेल्सियस गिरावट के साथ 30.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं अधिकतम तापमान एक दिन पहले के 46.8 डिग्री सेल्सियस से 5.4 डिग्री सेल्सियस गिरावट के साथ 41.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आगामी दो दिनों तक तापमान में आंशिक उतार-चढ़ाव रहने की संभावना है।