UpdateMarts•Com
Follow Channel

19 July 2025

ऑनलाइन हाजिरी का आदेश वापस लेने पर अड़े शिक्षक

  यूपी बोर्ड के स्कूलों में ऑनलाइन उपस्थिति के आदेश को वापस लेने की मांग को लेकर माध्यमिक शिक्षक संघ ठकुराई गुट के प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को बोर्ड सचिव भगवती सिंह को ज्ञापन दिया। शिक्षकों का कहना है कि प्रदेश के अधिकांश माध्यमिक विद्यालय ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में हैं, जहां निर्बाध बिजली आपूर्ति और इंटरनेट की उपलब्धता संभव नहीं है। अधिकांश विद्यालयों में इस कार्य के लिए आवश्यक उपकरणों का अभाव है। ऐसे में प्रतिदिन हजारों छात्रों की उपस्थिति, अनुपस्थिति तथा अवकाश दर्ज करना असंभव तथा अव्यवहारिक है।



शिक्षकों पर लागू की गई ऑनलाइन उपस्थिति की व्यवस्था, स्वयं यूपी बोर्ड के मुख्यालय तथा पांचों क्षेत्रीय कार्यालयों, शिक्षा विभाग के जिला, मंडल अथवा प्रदेश स्तर के कार्यालय में भी लागू नहीं है। प्रदेशभर के माध्यमिक विद्यालयों में शिक्षकों की उपस्थिति पहले से ही उपस्थिति पंजिका तथा बायोमीट्रिक के माध्यम से और छात्र-छात्राओं की उपस्थिति पंजिका पर दर्ज हो रही है। ऐसी स्थिति में उपस्थिति दर्ज करने का तीसरा माध्यम अनावश्यक, अव्यवहारिक तथा समय व श्रम की बर्बादी है। प्रतिनिधिमंडल की अगुवाई कर रहे ठकुराई गुट के प्रदेश महामंत्री लालमणि द्विवेदी ने सचिव भगवती सिंह से 30 जून का आदेश वापस लेने का अनुरोध किया है। आदेश वापस न लिए जाने पर 27 जुलाई को संगठन की बैठक में निर्णय लिया जाएगा।

Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more