UpdateMarts•Com
Follow Channel

19 July 2025

छह साल बाद एलटी जीआइसी भर्ती बड़ी संख्या में प्रतियोगी होंगे बाहर

 प्रयागराजः राजकीय माध्यमिक विद्यालयों (जीआइसी/जीजीआइसी) के लिए 2018 के बाद सहायक अध्यापक (एलटी) तथा 2020 के बाद अब आ रही प्रवक्ता भर्ती में बड़ी संख्या में अभ्यर्थी ओवरएज (अधिकतम आयु सीमा पार) हो जाने के कारण आवेदन नहीं कर पाएंगे। वर्ष 2025 की एलटी भर्ती के लिए आयु सीमा न्यूनतम 21 और अधिकतम 40 वर्ष निर्धारित होने से वे अभ्यर्थी आवेदन नहीं कर पाएंगे, जो 2019 से 2024 के बीच भर्ती नहीं आने की अवधि में 40 वर्ष से अधिक हुए हैं। ऐसे में प्रतियोगियों ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि इस भर्ती में पांच वर्ष आयु की छूट प्रदान की जाए।



उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग जीआइसी एलटी के 7466 पदों पर भर्ती के लिए 28 जुलाई को विज्ञापन जारी करने जा रहा है। इसके अलावा प्रवक्ता भर्ती के लिए भी 1500 से ज्यादा पदों का अधियाचन लगभग फाइनल है। प्रवक्ता भर्ती में अब बीएड अनिवार्य किए जाने से बिना बीएड वाले परास्नातक प्रतियोगी आवेदन प्रक्रिया से बाहर हो जाएंगे। अब जब भर्ती आने जा रही है तो परीक्षा की तैयारी करने के बावजूद बड़ी संख्या में अभ्यर्थी

निर्धारित आयु सीमा से अधिक हो गए हैं। प्रतियोगी छात्र मोर्चा के शीतला प्रसाद ओझा ने बताया कि विभागीय अधिकारियों की ढिलाई के चलते समकक्ष अर्हता स्पष्ट करने तथा परीक्षा पैटर्न नियमावली संशोधन में इतना अधिक समय लग गया कि लाखों अभ्यर्थियों के ओवरएज हो जाने से उनके हाथ से अवसर ही निकल गया। इसमें उन प्रतियोगियों की कोई गलती नहीं है, जो कोचिंग करके या स्व अध्ययन से परीक्षा की तैयारी कर रहे थे। आजमगढ़ के रणविजय सिंह की तरह कई प्रतियोगी हैं, जो 2020 की प्रवक्ता भर्ती में मुख्य परीक्षा तक पहुंचे थे। ऐसे में उन्हें उम्मीद है कि परीक्षा में सम्मिलित होने का अवसर मिलने पर वह चयनित हो सकते हैं। रविंद्र पांडेय, आशुतोष मिश्रा, आलोक सिंह, गरिमा सिंह, अनीता तिवारी, विभा पांडेय जैसे तमाम प्रतियोगी अब ओवरएज हो गए हैं।

Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more