UpdateMarts•Com
Follow Channel

06 January 2026

29334 गणित-विज्ञान शिक्षक भर्ती की काउंसिलिंग में देरी, नाराज अभ्यर्थी पहुंचे निदेशालय


लखनऊ। बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से 29334 गणित एवं विज्ञान शिक्षक भर्ती के लिए आवेदन लेने के बाद आगे की प्रक्रिया पूरी नहीं की जा रही है। इससे नाराज अभ्यर्थी सोमवार को बेसिक शिक्षा निदेशालय पहुंचे। अभ्यर्थियों ने बेसिक शिक्षा निदेशक एवं महानिदेशक, स्कूल शिक्षा से मुलाकात कर काउंसिलिंग की तिथि जारी करने तथा भर्ती प्रक्रिया को शीघ्र पूर्ण करने की मांग की।


अभ्यर्थियों ने बताया कि यह भर्ती प्रक्रिया कई वर्षों से लंबित है। सुप्रीम कोर्ट के 29 जनवरी 2025 के आदेश में 29334 भर्ती को तीन से अधिकतम छह माह में पूरा करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन लगभग एक वर्ष बीत जाने के बावजूद भर्ती प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी है।


अभ्यर्थियों के अनुसार, 24 दिसंबर को ऑनलाइन सूचनाएं एवं विकल्प लेकर औपचारिकता पूरी की गई थी, लेकिन इसके बाद से प्रक्रिया ठप पड़ी है। इस संबंध में अभ्यर्थियों ने बेसिक शिक्षा निदेशक प्रताप सिंह बघेल तथा महानिदेशक, स्कूल शिक्षा मोनिका रानी से मुलाकात कर काउंसिलिंग तिथि घोषित करने और शीघ्र नियुक्ति पत्र जारी करने की मांग की।


बेसिक शिक्षा परिषद ने 22 जनवरी को सूची के प्रकाशन का आश्वासन दिया। बेसिक शिक्षा निदेशक ने अभ्यर्थियों को जल्द सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।


इस दौरान अभ्यर्थियों में रचना सिंह, सुशील रवि गौतम, सचिन कुशवाहा, अमर सिंह, प्रमोद कुमार, अवधेश यादव, मनोज कुमार, योगी सिंह, अभय शंकर भारती सहित अन्य उपस्थित रहे।

Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more