UpdateMarts•Com
Follow Channel

06 January 2026

राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह: बेसिक स्कूलों में बच्चों को पढ़ाया जाएगा ट्रैफिक सेफ्टी का पाठ

 

प्रयागराज। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत अब बेसिक स्कूलों के विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों की व्यावहारिक जानकारी दी जाएगी। 31 जनवरी तक चलने वाले इस अभियान में परिषदीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

15 जनवरी के बाद स्कूल खुलने पर विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम के माध्यम से सड़क सुरक्षा, ट्रैफिक नियम और सुरक्षित आवागमन से जुड़े विषय पढ़ाए जाएंगे। शिक्षा विभाग ने निर्देश दिए हैं कि स्कूलों में शिक्षकों और कर्मचारियों के लिए भी नियमों का सख्ती से पालन कराया जाए।

दो पहिया वाहन से आने वाले शिक्षकों और कर्मचारियों के लिए हेलमेट पहनना अनिवार्य किया गया है। स्कूल परिसर में जागरूकता बोर्ड लगाए जाएंगे और प्रधानाध्यापक इसकी निगरानी करेंगे। नियमों का उल्लंघन करने पर संबंधित कर्मचारियों से स्पष्टीकरण भी लिया जाएगा।

शिक्षा निदेशक बेसिक के निर्देश पर स्कूल वाहनों के चालकों का स्वास्थ्य और नेत्र परीक्षण कराया जाएगा। वहीं प्रशिक्षित मास्टर ट्रेनर्स के माध्यम से शिक्षकों को सड़क सुरक्षा विषय पर प्रशिक्षण दिया जाएगा।

अभियान के तहत उच्च प्राथमिक विद्यालयों में क्विज, चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। इसके साथ ही रोड सेफ्टी क्लब के जरिए 18 वर्ष से कम आयु के विद्यार्थियों को वाहन न चलाने के प्रति जागरूक किया जाएगा। शिक्षा विभाग का उद्देश्य सड़क सुरक्षा को जन आंदोलन का रूप देना है।

Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more