UpdateMarts•Com
Follow Channel

06 January 2026

UPTET: आज टीईटी के आयोजन को लेकर हो सकता है बड़ा फैसला

 

प्रयागराज। शिक्षा सेवा चयन आयोग की प्रस्तावित बैठक पर लाखों अभ्यर्थियों की नजरें टिकी हुई हैं। मंगलवार को होने वाली इस बैठक में शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) के आयोजन और उसकी तिथि को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिया जा सकता है।

सूत्रों के अनुसार 29–30 जनवरी को प्रस्तावित टीईटी परीक्षा को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है, क्योंकि आवेदन प्रक्रिया अभी शुरू नहीं हुई है। जिस पोर्टल के माध्यम से आवेदन लिए जाने हैं, वह फिलहाल पूरी तरह क्रियाशील नहीं है। ऐसे में तय तिथि पर परीक्षा कराना संभव नहीं माना जा रहा है और नई संभावित तिथि पर विचार किया जा सकता है।

बैठक में परीक्षा नियंत्रक द्वारा लंबित परीक्षाओं की समय-सारिणी आयोग के समक्ष प्रस्तुत की जाएगी। इसके साथ ही वर्ष 2022 की 4163 पदों वाली प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (टीजीटी) और प्रवक्ता (पीजीटी) भर्ती परीक्षाओं के आयोजन को लेकर भी चर्चा होगी। चूंकि टीजीटी-पीजीटी के लिए आवेदन प्रक्रिया पहले ही पूरी हो चुकी है, इसलिए इनके आयोजन पर निर्णय लिए जाने की संभावना है।

आयोग की बैठक में निर्माणाधीन ऑनलाइन पोर्टल की प्रगति की समीक्षा भी की जाएगी। आयोग का फोकस पोर्टल को जल्द से जल्द सक्रिय करने पर है, ताकि टीईटी का विज्ञापन जारी किया जा सके और आगामी शिक्षक भर्तियों की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा सके।

इसके अलावा बैठक में शिक्षा विभाग से जुड़े अन्य प्रशासनिक और विभागीय मुद्दों पर भी चर्चा कर आवश्यक निर्णय लिए जाएंगे।

Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more