UpdateMarts•Com
Follow Channel

06 January 2026

31 जनवरी से पहले परिषदीय विद्यालयों में मनाया जाएगा वार्षिकोत्सव, बच्चों के लिए बनेंगे सेल्फी प्वाइंट

 31 जनवरी से पहले परिषदीय विद्यालयों में मनाया जाएगा वार्षिकोत्सव, बच्चों के लिए बनेंगे सेल्फी प्वाइंट

सीतापुर। परिषदीय विद्यालयों में इस वर्ष वार्षिकोत्सव को खास अंदाज में मनाने की तैयारी है। बच्चों और अभिभावकों की भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से विद्यालय परिसरों में सेल्फी प्वाइंट बनाए जाएंगे, जहां छात्र अपने माता-पिता के साथ तस्वीरें खिंचवा सकेंगे। इस पहल का मकसद बच्चों को विद्यालय से जोड़ना और शैक्षणिक माहौल को उत्सवमय बनाना है।


वर्तमान में 15 जनवरी तक शीतकालीन अवकाश चल रहा है। अवकाश समाप्त होते ही विद्यालय खुलने पर वार्षिकोत्सव और खेलकूद कार्यक्रमों की तैयारियां शुरू कर दी जाएंगी। निर्देशों के अनुसार 31 जनवरी से पहले सभी विद्यालयों में वार्षिकोत्सव आयोजित किया जाएगा। अभिभावकों को कार्यक्रम में शामिल होने के लिए दो दिन पहले सूचना दी जाएगी।

कार्यक्रम जनप्रतिनिधियों की अगुवाई में आयोजित होंगे। बच्चों के लिए दौड़, खो-खो सहित विभिन्न खेल गतिविधियां कराई जाएंगी। इसके लिए प्रति विद्यालय वार्षिकोत्सव हेतु 1200 रुपये और खेलकूद के लिए 300 रुपये का बजट निर्धारित किया गया है। आयोजन से पहले एसएमसी और प्रधानाध्यापकों के साथ बीईओ बैठक कर रूपरेखा तय करेंगे।

बीएसए अखिलेश प्रताप सिंह ने बताया कि वार्षिकोत्सव के लिए आवंटित बजट विद्यालयवार जारी कर दिया गया है और शिक्षकों को कार्यक्रम को भव्य रूप से आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं।

Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more