प्रयागराज। प्रदेश में 1 से 15 अप्रैल तक चलाए गए नामांकन अभियान के बावजूद बड़ी संख्या में स्कूलों में नए विद्यार्थियों का दाखिला नहीं हो सका। ताजा आंकड़ों के अनुसार करीब 41,823 परिषदीय स्कूल ऐसे हैं, जहां एक भी नया प्रवेश दर्ज नहीं किया गया।
इनमें से 25,595 स्कूलों में कक्षा 1 में शून्य नामांकन पाया गया, जबकि 16,228 स्कूलों में कक्षा 6 में कोई भी नया छात्र प्रवेश नहीं ले पाया। यह स्थिति तब सामने आई है जब सरकार द्वारा अभियान को बड़े स्तर पर चलाया गया और अधिक से अधिक बच्चों को स्कूल से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया था।
प्रदेश में कुल करीब 1.33 लाख बेसिक स्कूल हैं, जिनमें से बड़ी संख्या में नामांकन न होना चिंता का विषय बन गया है। कई जिलों में स्थिति और भी गंभीर बताई जा रही है। उदाहरण के तौर पर, आगरा में सबसे ज्यादा 1136 स्कूल ऐसे पाए गए जहां कक्षा 1 में कोई नया प्रवेश नहीं हुआ। वहीं प्रयागराज में भी सैकड़ों स्कूलों में नामांकन शून्य रहा।
महानिदेशक, स्कूल शिक्षा ने सभी जिलों के बीएसए और खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे इस स्थिति की समीक्षा करें और नामांकन बढ़ाने के लिए विशेष प्रयास करें। साथ ही, शून्य नामांकन वाले स्कूलों से स्पष्टीकरण भी मांगा जा रहा है।

