इटौंजा (बाराबंकी):
जनगणना प्रशिक्षण के नाम पर परिषदीय शिक्षा व्यवस्था प्रभावित होती नजर आ रही है। शिक्षकों के सामूहिक प्रशिक्षण के चलते कई स्कूलों में पढ़ाई ठप हो गई है और स्कूल केवल औपचारिक रूप से संचालित किए जा रहे हैं।
स्थिति यह है कि जहां कक्षाओं में पढ़ाई होनी चाहिए, वहां वैकल्पिक व्यवस्था के तहत केवल खानापूर्ति की जा रही है। इन दिनों चल रहे प्रशिक्षण के कारण शिक्षा विभाग के अधिकारी भी व्यस्त हैं, जिससे निगरानी भी प्रभावित हो रही है।
इटौंजा क्षेत्र के कई स्कूलों में सभी शिक्षकों को एक साथ प्रशिक्षण के लिए भेज दिया गया है, जिससे बच्चों की नियमित पढ़ाई बाधित हो रही है। ‘दैनिक जागरण’ की पड़ताल में सामने आया कि कई स्कूलों में केवल एक शिक्षक के भरोसे स्कूल चल रहे हैं।
जमीनी स्थिति:
स्थान – केंद्रीय प्राथमिक विद्यालय, इटौंजा | समय – सुबह 9 बजे
यहां तैनात सभी पांच शिक्षकों को प्रशिक्षण के लिए भेज दिया गया। केवल एक शिक्षिका के भरोसे स्कूल संचालित हो रहा है।
स्थान – संविलियन कन्या विद्यालय, इटौंजा | समय – 10 बजे
यहां प्रधानाध्यापक समेत सभी शिक्षक प्रशिक्षण में गए हुए हैं। एक शिक्षक के जिम्मे कक्षा 1 से 5 तक के बच्चों को संभालने की जिम्मेदारी है।
स्थान – प्राथमिक विद्यालय अंबेडकरनगर, इटौंजा | समय – 10:30 बजे
यहां भी अधिकांश शिक्षक प्रशिक्षण में होने के कारण सीमित संख्या में बच्चों की पढ़ाई कराई जा रही है।
अधिकारी का बयान:
खंड शिक्षा अधिकारी अमित कुमार ने बताया कि प्रशिक्षण आवश्यक है और स्कूल बंद न हों, इसके लिए वैकल्पिक व्यवस्था की गई है। पास के स्कूलों के शिक्षकों को अस्थायी रूप से भेजकर काम चलाया जा रहा है।

