पुलिस भर्ती और प्रोन्नति बोर्ड ने शनिवार को होमगार्ड एनरोलमेंट-2025 की लिखित परीक्षा में पहले दिन गड़बड़ी करने के प्रयास में एटा में एक अभ्यर्थी और कानपुर में तीन सहायक अध्यापक पकड़े। एटा में अभ्यर्थी फर्जी प्रवेश पत्र लेकर पहुंचा था, जो बायोमैट्रिक जांच में डाटा मैच न होने पर पकड़ा गया।
श्रावस्ती को छोड़कर अन्य 74 जिलों में 1053 परीक्षा केंद्रों पर दोनों पालियों में करीब 25% अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। भर्ती बोर्ड के अनुसार दोनों पालियों की लिखित परीक्षा में कुल 8,44,066 अभ्यर्थियों के स्थान पर 6,35,856 (75.33%) अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। कानपुर नगर में एक परीक्षा केंद्र के भीतर नकल कराने के इरादे से इलेक्ट्रानिक डिवाइस छिपाकर रखी गई थी। मामले में तीन सहायक अध्यापकों को गिरफतार किया गया है। एटा में डीएवी इंटर कालेज स्थित परीक्षा केंद्र में एक अभ्यर्थी के प्रवेश पत्र पर अनुक्रमांक, परीक्षा समय, उपस्थिति का समय व अन्य विवरण में गड़बड़ी थी। जांच में पता चला कि प्रवेश पत्र जाली है। मामले में एटा के थाना सकीट में उप्र सर्वाजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम-2024 तथा अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कराकर आरोपी अभ्यर्थी हाथरस निवासी तेजवीर सिंह को गिरफ्तार किया गया। कूटरचित प्रवेश पत्र तैयार करने वाले लोकवाणी जनसेवा केंद्र के संचालक के विरुद्ध भी विधिक कार्रवाई की जा रही है। मामले में दूसरे अभ्यर्थी के प्रवेशपत्र के बारकोड को स्कैन कर गड़बड़ी की गई थी। बायोमैट्रिक के दौरान डाटा मैच न होने पर आरोपी तेजवीर पकड़ा गया। बोर्ड के अनुसार कानपुर नगर में बीएनएसडी इंटर कालेज स्थित परीक्षा केंद्र में एनसीसी कक्ष में प्रतिबंधित इलेक्ट्रानिक डिवाइस को अनुचित प्रयोग के लिए छिपाकर रखा गया था। थाना कर्नलगंज में मुकदमा दर्ज कराकर तीन आरोपी सहायक अध्यापक अखिलेश यादव, संदीप चंद्र विश्वकर्मा, निर्मल कुमार को गिरफ्तार किया गया है। रविवार, सोमवार को भी 74 जिलों में दो-दो पालियों में होमगार्ड एनरोलमेंट की परीक्षा होगी। होमगार्ड स्वयंसेवकों के 41,424 रिक्त पदों पर भर्ती होनी है।

