18 May 2026

160 परिषदीय स्कूलों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन, बच्चों की सुरक्षा पर मंडरा रहा खतरा

 

160 परिषदीय स्कूलों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन, बच्चों की सुरक्षा पर मंडरा रहा खतरा

बहराइच। जिले के परिषदीय विद्यालयों में पढ़ने वाले मासूम बच्चों की सुरक्षा को लेकर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। जिले के करीब 160 परिषदीय विद्यालयों के ऊपर से हाईटेंशन बिजली लाइन गुजर रही है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। कई स्कूलों में बच्चे हर दिन खतरे के साये में पढ़ाई करने को मजबूर हैं।

जानकारी के अनुसार तेजवापुर ब्लॉक के कई विद्यालयों की स्थिति सबसे अधिक चिंताजनक बनी हुई है। स्कूल भवनों और खेल मैदानों के ऊपर से गुजरती हाईटेंशन तारें बच्चों और शिक्षकों के लिए लगातार खतरा बनी हुई हैं। उच्च प्राथमिक विद्यालय तिंगाई, प्राथमिक विद्यालय खजुहा, संविलियन विद्यालय रंजीतपुर, प्राथमिक विद्यालय धांधला, नवादा, तारापुर, नकरेटपुरवा और चेतरा समेत कई विद्यालय इस समस्या से प्रभावित हैं।

स्थानीय लोगों और शिक्षकों का कहना है कि इन विद्यालयों में प्रतिदिन सैकड़ों बच्चे पढ़ने आते हैं, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था के नाम पर अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। शासन स्तर से विद्यालय परिसरों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइनों को हटाने के निर्देश पहले ही जारी किए जा चुके हैं, लेकिन कई जगहों पर आदेश अभी तक धरातल पर लागू नहीं हो पाए हैं।

बेसिक शिक्षा विभाग ने मामले को गंभीर बताते हुए बिजली विभाग को कई बार पत्र भेजे हैं। खंड शिक्षा अधिकारी तेजवापुर रणजीत कुमार ने बताया कि हाईटेंशन लाइन हटाने के लिए विद्युत विभाग से लगातार पत्राचार किया जा रहा है। विद्यालयों की ओर से धनराशि भी जमा कर दी गई है और टेंडर प्रक्रिया जारी है।

अभिभावकों का कहना है कि जब तक लाइनों को हटाया नहीं जाता, तब तक बच्चों की सुरक्षा को लेकर डर बना रहेगा। लोगों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई कर विद्यालयों को सुरक्षित बनाने की मांग की है।