18 May 2026

यूपी के कई जिले भीषण लू की चपेट में

 

बुंदेलखंड समेत दक्षिणी यूपी के कई जिले भीषण लू की चपेट में

लखनऊ। प्रदेश में गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। बुंदेलखंड समेत दक्षिणी उत्तर प्रदेश के कई जिले इन दिनों भीषण लू और झुलसा देने वाली गर्मी की चपेट में हैं। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में तापमान और बढ़ने की संभावना जताते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

मौसम विभाग के अनुसार 19 से 23 मई तक प्रदेश के कई हिस्सों में लू चलने की चेतावनी जारी की गई है। खासकर बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर समेत कई जिलों में लू का असर देखने को मिल सकता है।


रविवार को बांदा प्रदेश का सबसे गर्म शहर दर्ज किया गया, जहां तापमान 46.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इसके अलावा झांसी, प्रयागराज और हमीरपुर में भी तेज गर्म हवाओं और तीखी धूप ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी। दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा नजर आया और लोग घरों में रहने को मजबूर दिखे।

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिकों ने बताया कि फिलहाल प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा और अगले कुछ दिनों तक तापमान में लगातार बढ़ोतरी होने के आसार हैं। विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर के समय बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और बच्चों एवं बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है।

भीषण गर्मी का असर जनजीवन पर साफ दिखाई देने लगा है। बिजली की मांग बढ़ने के साथ-साथ अस्पतालों में हीट स्ट्रोक और डिहाइड्रेशन के मरीजों की संख्या भी बढ़ रही है। प्रशासन ने स्वास्थ्य विभाग और आपदा प्रबंधन टीमों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।