यूपी में 19 से 21 मई तक भीषण गर्मी पड़ने के आसार हैं। मौसम विभाग ने इसके लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने बताया कि 19, 20 और 21 मई को प्रदेश के कई जिलों में अति ग्रीष्म लहर चल सकती है। तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि होने की संभावना है।
अगले चार दिनों में तापमान 44 डिग्री तक पहुंच सकता है। सोमवार को ही पारा 43 डिग्री तक पहुंचने का पूर्वानुमान है। ऐसे में विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रशासन को पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों, स्वास्थ्य विभाग, बिजली विभाग और राहत एजेंसियों को अलर्ट मोड में रहने को कहा है।
हीट स्ट्रोक वार्ड तैयार रखने के निर्देश: सीएम योगी आदित्यनाथ ने ने अफसरों को निर्देश दिया है कि संवेदनशील जिलों पर विशेष निगरानी रखी जाए। सरकारी अस्पतालों में हीट स्ट्रोक से प्रभावित मरीजों के इलाज के लिए पर्याप्त इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं। अस्पतालों में दवाओं, बेड और डॉक्टरों की उपलब्धता बनाए रखने के साथ एंबुलेंस सेवाओं को भी सक्रिय रखने को कहा गया है। साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर पेयजल की व्यवस्था और बिजली आपूर्ति बाधित न होने पर ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं।
बांदा 46.4 डिग्री के साथ सबसे अधिक तपा
रविवार को प्रदेश के अधिकांश जिलों में पारा 40 के पार दर्ज किया गया। बांदा 46.4 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ सबसे गर्म रहा। 44.6 डिग्री के साथ झांसी, 44.5 डिग्री पर प्रयागराज तपा। लखनऊ, कानपुर में अधिकतम तापमान 41.6 डिग्री दर्ज किया गया।
दोपहर के वक्त घर से बाहर निकलने से बचें
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि अत्यधिक गर्मी और लू के दौरान अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें। बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने पर्याप्त पानी पीने, हल्के सूती कपड़े पहनने और धूप में सिर ढकने की अपील की।

