18 May 2026

निरीक्षण में गैरहाजिर मिले 151 शिक्षकों का वेतन रोका, तीन दिन में मांगा जवाब

 

निरीक्षण में गैरहाजिर मिले 151 शिक्षकों का वेतन रोका, तीन दिन में मांगा जवाब

प्रयागराज। बेसिक शिक्षा विभाग ने बिना सूचना अनुपस्थित रहने वाले शिक्षकों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। निरीक्षण के दौरान गैरहाजिर पाए गए 151 शिक्षकों, शिक्षिकाओं, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों और परिचारकों का वेतन एवं मानदेय रोक दिया गया है। साथ ही सभी से तीन दिन के भीतर स्पष्टीकरण मांगा गया है।

जानकारी के अनुसार, 18 अप्रैल से 15 मई तक विभिन्न विद्यालयों के निरीक्षण के दौरान बड़ी संख्या में कर्मचारी बिना पूर्व सूचना अनुपस्थित मिले। इस पर बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार ने कार्रवाई करते हुए संबंधित कर्मचारियों का वेतन रोकने के आदेश जारी किए।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि अनुपस्थिति के संबंध में संतोषजनक जवाब और उचित साक्ष्य प्रस्तुत नहीं करने पर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ आगे भी विभागीय कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि विद्यालयों में अनुशासन और नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए यह कदम उठाया गया है।

इस कार्रवाई की जद में पांच प्रधानाध्यापक भी आए हैं। इनमें आदर्श प्राथमिक विद्यालय शिवकुटी के परमेश्वर दयाल अहिरवार, बहरिया के नंदलाल पटेल, धनुपुर के मो. फैज अहमद सिद्दीकी, राजेश सिंह और फूलपुर के अखलाक हुसैन शामिल हैं।

शिक्षा विभाग की इस कार्रवाई से शिक्षकों और कर्मचारियों में हड़कंप मचा हुआ है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि आगे भी निरीक्षण अभियान लगातार जारी रहेगा और लापरवाही मिलने पर सख्त कदम उठाए जाएंगे।