जनगणना कर्मियों के आईडी कार्ड पर लगा बार कोड, फर्जीवाड़े पर लगेगी रोक
प्रयागराज। जनगणना-2027 की तैयारियों के बीच प्रशासन ने इस बार जनगणना प्रक्रिया को अधिक सुरक्षित और पारदर्शी बनाने के लिए नई व्यवस्था लागू की है। अब जनगणना कर्मियों के पहचान पत्र (आईडी कार्ड) पर बार कोड लगाया जाएगा, जिसे मोबाइल फोन से स्कैन कर उनकी पहचान सत्यापित की जा सकेगी।
अधिकारियों के अनुसार, 22 मई से मकानों के सूचीकरण और गणना की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। इस दौरान प्रगणक घर-घर जाकर डिजिटल माध्यम से जानकारी एकत्र करेंगे। डिजिटल फ्रॉड और फर्जीवाड़े की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए यह कदम उठाया गया है, ताकि लोग आसानी से असली जनगणनाकर्मी की पहचान कर सकें।
बार कोड स्कैन करते ही जनगणनाकर्मी का नाम, विभाग, पद और अन्य जरूरी जानकारी मोबाइल स्क्रीन पर दिखाई देगी। इससे लोगों को यह भरोसा हो सकेगा कि उनके घर पहुंचा व्यक्ति अधिकृत कर्मचारी ही है। प्रशासन का मानना है कि इससे फर्जी पहचान बनाकर धोखाधड़ी करने वालों पर प्रभावी रोक लगेगी।
जनगणना विभाग ने बताया कि प्रयागराज में अब तक करीब 32 हजार लोगों ने ऑनलाइन स्व-गणना (Self Enumeration) प्रक्रिया पूरी कर ली है। यह सुविधा 21 मई तक उपलब्ध रहेगी। ऑनलाइन स्व-गणना करने वाले लोगों को ओटीपी नंबर जारी किया जाएगा, जिसे जनगणनाकर्मी के सत्यापन के समय बताना होगा।
अधिकारियों ने कहा कि नई तकनीक से न केवल जनगणना प्रक्रिया सुरक्षित होगी, बल्कि समय की भी बचत होगी और आंकड़ों की विश्वसनीयता बढ़ेगी। जरूरत पड़ने पर लोग टोल फ्री नंबर 1855 पर संपर्क कर सहायता भी प्राप्त कर सकेंगे।

