लखनऊ। लेखपाल भर्ती की मुख्य परीक्षा आज सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक प्रदेश के 44 जिलों के 861 केंद्रों पर आयोजित होगी। परीक्षा में कुल 3,66,712 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
लखनऊ, वाराणसी, कानपुर नगर, मेरठ, गोरखपुर, बरेली, आगरा, प्रयागराज, मुरादाबाद, गाजियाबाद, सहारनपुर, अलीगढ़ और झांसी समेत कई जिलों में 10 हजार से अधिक अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।
मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह ने मंगलवार को लेखपाल भर्ती मुख्य लिखित परीक्षा तथा उत्तर प्रदेश संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा-2026 की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशिक्षित किया जाए, ताकि किसी भी प्रकार की त्रुटि की संभावना न रहे।
कॉपी, प्रश्नपत्र एवं अन्य गोपनीय सामग्री की निकासी निर्धारित केंद्र एवं समय के अनुसार सुनिश्चित करने को कहा गया है। अभ्यर्थियों की चेकिंग और फ्रिस्किंग गंभीरता से होगी। रेलवे स्टेशनों और बस अड्डों पर अभ्यर्थियों व उनके परिजनों की सुविधा के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा और हेल्पडेस्क भी बनाए जाएंगे।
संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा के लिए इस वर्ष 4,44,958 आवेदन प्राप्त हुए हैं। परीक्षा 31 मई को प्रदेश के 72 जिलों के 1011 केंद्रों पर आयोजित होगी। परीक्षा दो पालियों में होगी — पहली पाली सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक।
अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर निर्बाध बिजली आपूर्ति, पेयजल और स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं।

