आगरा, प्रयागराज, बलिया, गाजीपुर, मिर्जापुर, मैनपुरी समेत 32 जिलों में सामने आए मामले
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की वर्ष 2026 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी सामने आई है। आगरा, प्रयागराज, बलिया, गाजीपुर, मिर्जापुर, आजमगढ़, मैनपुरी और प्रतापगढ़ समेत 32 जिलों में दो-दो उत्तर पुस्तिकाओं पर एक ही अनुक्रमांक मिलने के मामले सामने आए हैं।
अब तक 94 से अधिक परीक्षार्थियों की कॉपियां संदिग्ध मिलने के बाद यूपी बोर्ड ने ऐसे छात्रों का परीक्षा परिणाम रोकते हुए जांच बैठा दी है। सभी क्षेत्रीय कार्यालयों से 30 मई तक विस्तृत जांच रिपोर्ट तलब की गई है।
यूपी बोर्ड ने इस वर्ष परीक्षा में नकल और गड़बड़ी रोकने के लिए कई हाईटेक इंतजाम किए थे। पहली बार मेरठ, बरेली, प्रयागराज, वाराणसी और गोरखपुर के मूल्यांकन केंद्रों से परीक्षार्थियों के अंक प्रतिदिन सीधे परिषद के पोर्टल पर ऑनलाइन अपलोड कराए गए।
प्रश्नपत्रों के प्रत्येक पृष्ठ पर केंद्रवार गोपनीय न्यूमेरिक कोड अंकित किए गए, ताकि पेपर लीक या पूर्व प्रकटन की स्थिति में केंद्र की तत्काल पहचान की जा सके। इसके अलावा प्रश्नपत्रों के रिजर्व सेट, परीक्षा केंद्रों पर जैमर और 18 जिलों को संवेदनशील घोषित करने जैसी व्यवस्थाएं भी लागू की गई थीं। इसके बावजूद सबसे अधिक गड़बड़ियां इन्हीं संवेदनशील जिलों में सामने आई हैं।
सूत्रों के मुताबिक प्रयागराज के एक विद्यालय की मूल उत्तर पुस्तिकाओं में अलीगढ़ में बी कॉपी जोड़े जाने का मामला पहले ही उजागर हो चुका है। अब दो-दो उत्तर पुस्तिकाओं पर एक ही अनुक्रमांक मिलने से परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े हो गए हैं। आशंका जताई जा रही है कि परीक्षा के दौरान उत्तर पुस्तिकाएं बदली गईं। मामले की जांच शुरू होते ही संबंधित स्कूल प्रबंधक और केंद्र व्यवस्थापक खुद को बचाने में जुट गए हैं।
### इन जिलों में मिली सबसे अधिक गड़बड़ी
प्रयागराज क्षेत्रीय कार्यालय के अंतर्गत हाईस्कूल में प्रयागराज, सीतापुर, महोबा और प्रतापगढ़ में गड़बड़ी के मामले सामने आए हैं, जबकि इंटरमीडिएट में प्रयागराज, प्रतापगढ़, हरदोई और इटावा में मामले मिले हैं।
मेरठ क्षेत्र में हाईस्कूल में हाथरस, मैनपुरी, आगरा, एटा और हापुड़ व इंटरमीडिएट में आगरा, अलीगढ़ और झांसी में मामले पकड़े गए हैं। गोरखपुर क्षेत्र में हाईस्कूल में गोरखपुर, गोंडा और महाराजगंज, जबकि इंटरमीडिएट में देवरिया में सबसे अधिक आठ मामले सामने आए हैं। इसके अलावा कुशीनगर, संतकबीरनगर, गोंडा, गोरखपुर और सिद्धार्थनगर में भी गड़बड़ी मिली है।
वाराणसी क्षेत्र में हाईस्कूल में आजमगढ़, गाजीपुर, मिर्जापुर और मऊ में मामले सामने आए हैं। इंटरमीडिएट में मिर्जापुर, आजमगढ़, बलिया, चंदौली, जौनपुर, गाजीपुर, अयोध्या और अमेठी शामिल हैं। बरेली क्षेत्रीय कार्यालय के अंतर्गत हाईस्कूल में अमरोहा और मुरादाबाद व इंटरमीडिएट में शाहजहांपुर में मामला पकड़ा गया है।
> मामला पकड़ में आने के बाद जांच बैठा दी गई है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद दोषियों के खिलाफ विभागीय और विधिक कार्रवाई की जाएगी। संबंधित केंद्रों को डिबार भी किया जाएगा।
> — भगवती सिंह, सचिव, माध्यमिक शिक्षा परिषद
>

