उत्तर प्रदेश के मेरठ में जिले में पड़ रही भीषण गर्मी और हीटवेव के प्रकोप को देखते हुए डीएम डॉ. वीके सिंह ने स्कूली बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा के दृष्टिगत महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। डीएम ने जिले के सभी बोर्डों के विद्यालयों में प्री-प्राइमरी से कक्षा 10 तक के विद्यार्थियों के लिए अवकाश की घोषणा की है।डीएम की ओर से जारी आदेश के तहत भीषण गर्मी के चलते बच्चों के स्वास्थ्य से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों और सभी विद्यालय प्रबंधनों को इस आदेश का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे इस दौरान बच्चों को तेज धूप में बाहर निकलने से बचाएं और उनके स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें।
यह अवकाश 21 मई से 23 मई 2026 तक प्रभावी रहेगा। यह आदेश प्री-प्राइमरी से लेकर कक्षा 10 तक के सभी छात्र-छात्राओं पर लागू होगा। यह आदेश मेरठ जिले के सभी बोर्ड (जैसे- यूपी बोर्ड, सीबीएसई, आईसीएसई आदि) के विद्यालयों पर समान रूप से लागू होगा।
आपको बता दें कि भीषण तपिश ने सूबे के 20 शहरों को झुलसाया जहां तापमान 42 डिग्री से ऊपर रहा। बुधवार को 48.0 डिग्री तापमान के साथ बांदा लगातार चौथे दिन देश का सबसे गर्म शहर रहा। मौसम विभाग ने अधिसंख्य जिलों के लिए अगले तीन दिन हीट वेव का रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, मध्य भारत के ऊपर बने एक मजबूत प्रति-चक्रवात (एंटी-साइक्लोन) और गर्म पछुआ हवाओं के चलते समूचा प्रदेश भट्ठी की तरह तप उठा है। इसके कारण राज्य के 26 प्रमुख शहरों में पारा 40 डिग्री या उससे ऊपर दर्ज किया गया। बुंदेलखंड के बाद प्रयागराज में पारा 46.4 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आगामी तीन दिनों के लिए समूचे प्रदेश में रेड और उसके बाद ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। राजधानी लखनऊ में भी झुलसाने वाली गर्मी रही, जहां अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान सामान्य से 3.5 डिग्री अधिक यानी 28.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
सूबे के 50 शहरों में बेचैन करने वाली रात
लखनऊ, कानपुर, वाराणसी, प्रयागराज, गोरखपुर और मेरठ समेत प्रदेश के लगभग 50 से अधिक जिलों में 'उष्ण रात्रि' यानी ज्यादा तापमान रात होने की संभावना जताई गई है। फतेहगढ़ में न्यूनतम तापमान सामान्य से 7.0 डिग्री अधिक यानी 30.0 डिग्री पहुंच गया है, वहीं झांसी 29.7 डिग्री, वाराणसी बीएचयू 29.6डिग्री और अलीगढ़ में 29.0 डिग्री न्यूनतम तापमान रहा।

