21 मई को उत्तर प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम के तीखे तेवर देखने को मिलेंगे। मौसम विभाग ने प्रदेश के अधिकतर जिलों के लिए अगले तीन दिन हीट वेव का रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, मध्य भारत के ऊपर बने एक मजबूत प्रति-चक्रवात (एंटी-साइक्लोन) और गर्म पछुआ हवाओं के चलते समूचा प्रदेश भट्ठी की तरह तप उठा है। इसके कारण राज्य के 26 प्रमुख शहरों में पारा 40 डिग्री या उससे ऊपर दर्ज किया गया। बुंदेलखंड के बाद प्रयागराज में पारा 46.4 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आगामी तीन दिनों के लिए समूचे प्रदेश में रेड और उसके बाद ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। भीषण गर्मी और लू का असर बना रहेगा।
बुधवार को पूरे दिन आसमान से आग बरसती रही। प्रदेश के 13 शहरों का तापमान 43 डिग्री से ऊपर रहा। बुधवार को 48.0 डिग्री तापमान के साथ बांदा लगातार चौथे दिन देश का सबसे गर्म शहर रहा। राजधानी लखनऊ में भी झुलसाने वाली गर्मी रही, जहां अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान सामान्य से 3.5 डिग्री अधिक यानी 28.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
43 डिग्री से ऊपर तप रहे ये 13 शहर
प्रदेश के 13 शहरों में सूरज ने आग उगली पारा 43 डिग्री के पार चला गया है। इनमें बांदा और प्रयागराज के अलावा हमीरपुर (46.2 डिग्री), झांसी (45.9 डिग्री), आगरा ताज (45.3 डिग्री), उरई (45.2 डिग्री), बुलंदशहर (45.0 डिग्री), कानपुर आईएएफ (44.6 डिग्री), फुरसतगंज (44.3 डिग्री), कानपुर सिटी (44.0 डिग्री), मेरठ (44.0 डिग्री), चुर्क (43.7 डिग्री), अलीगढ़ (43.6 डिग्री), वाराणसी बीएचयू (43.4 डिग्री), सुलतानपुर (43.1 डिग्री) और हरदोई (43.0डिग्री) शामिल हैं।
शाहजहांपुर, मुजफ्फरनगर समेत छह शहरों में 42 डिग्री या ज्यादा रहा तापमान
शाहजहांपुर 42.0 डिग्री, मुजफ्फरनगर 42.0 डिग्री, फतेहगढ़ 42.0 डिग्री, लखीमपुर खीरी 42.0 डिग्री, इटावा 42.0डिग्री और बाराबंकी में 42.0 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।
चक्रवाती हवाओं और पुरवा से बढ़ी उमस वाली तपन
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, इस बार गर्मी ज्यादा इसलिए महसूस हो रही है इसके पीछे दो कारण हैं। प्रदेश के दक्षिणी हिस्से में जहां गर्म और शुष्क पछुआ हवाएं चल रही हैं, वहीं उत्तरी हिस्से में बंगाल की खाड़ी से आ रही आर्द्र (नमी वाली) पुरवा हवाएं टकरा रही हैं। इसके कारण हवा में संवेदी ऊष्मा बढ़ गई है, जिससे उमस और तपन का दोहरा अहसास हो रहा है। दिन के समय 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गर्म हवा के झोंके चल रहे हैं।
लखनऊ-कानपुर समेत 50 शहरों में बेचैन कर देने वाली रात
लखनऊ, कानपुर, वाराणसी, प्रयागराज, गोरखपुर और मेरठ समेत प्रदेश के लगभग 50 से अधिक जिलों में 'उष्ण रात्रि' यानी ज्यादा तापमान रात होने की संभावना जताई गई है। फतेहगढ़ में न्यूनतम तापमान सामान्य से 7.0 डिग्री अधिक यानी 30.0 डिग्री पहुंच गया है, वहीं झांसी 29.7 डिग्री, वाराणसी बीएचयू 29.6डिग्री और अलीगढ़ में 29.0 डिग्री न्यूनतम तापमान रहा।
सड़कों पर पसरा सन्नाटा, दफ्तरों से भी बाहर नहीं निकल रहे लोग
भीषण गर्मी की वजह से लोग प्रदेश के कई शहरों में दोपहर के वक्त सड़कों पर सन्नाटे जैसी स्थिति दिख रही है। सुबह दस बजे से ही सड़कों पर सन्नाटा पसरने लग जा रहा है। मॉर्निंग वॉकर भी सात बजे से पहले ही घरों को लौटने लगे हैं। लोग शाम को पांच-छह बजे के बाद घरों से निकल रहे हैं। नौकरीपेशा लोग भी कार्यालयों से बाहर निकलने से बच रहे हैं। स्कूलों की छुट्टी के समय विपरीत स्थितियां दिखाईं दे रही हैं। परिषदीय स्कूलों में तो बुधवार से ग्रीष्मावकाश घोषित कर दिया गया है।

