Hathras जनपद के परिषदीय विद्यालयों में बच्चों को मिलने वाले मिड-डे-मील (एमडीएम) की गुणवत्ता और दूध वितरण की जमीनी हकीकत परखने के लिए बुधवार को प्रशासन ने बड़ा अभियान चलाया। सीडीओ के निर्देश पर 41 अधिकारियों की टीम ने 137 स्कूलों का निरीक्षण किया। दो स्कूल समय से पहले बंद मिले तो पांच में बच्चों को दूध ही नहीं नसीब हुआ।
प्राथमिक विद्यालय नगला बल्देव बंद मिला। प्राथमिक विद्यालय नगला ढोकला में दोपहर 12:09 बजे ही मुख्य गेट पर ताला लटका मिला। पढ़ाई और एमडीएम वितरण नहीं हुआ था।
निरीक्षण में सामने आया कि शासन के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद पांच विद्यालयों में बच्चों को दूध का वितरण ही नहीं किया गया था। बीएसए ने बताया कि 41 अधिकारियों द्वारा 137 विद्यालयों में एमडीएम और दूध वितरण का सत्यापन कराया गया। बंद मिले दो स्कूलों और बच्चों को दूध न देने वाले पांच विद्यालयों के शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। बच्चों के निवाले में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

