03 July 2026

UPTET 2026: AI की निगरानी में संपन्न हुई पहले दिन की परीक्षा, 15 फर्जी अभ्यर्थी पकड़े गए; 84.76% रही उपस्थिति

 

UPTET 2026: AI की निगरानी में संपन्न हुई परीक्षा, 15 फर्जी अभ्यर्थी पकड़े गए; 84.76% रही उपस्थिति

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSC) द्वारा आयोजित UPTET 2026 (शिक्षक पात्रता परीक्षा) गुरुवार, 2 जुलाई 2026 को प्रदेशभर के 955 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में सफलतापूर्वक आयोजित की गई। आयोग ने परीक्षा की निगरानी के लिए पहली बार AI Integrated Control Command Room और परीक्षा केंद्रों पर लगे AI कैमरों का व्यापक उपयोग किया।

आयोग के अनुसार, प्रथम पाली सुबह 9:30 बजे से 12:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली दोपहर 2:30 बजे से शाम 5:00 बजे तक आयोजित हुई। परीक्षा के दौरान आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार, सदस्यगण, सचिव, परीक्षा नियंत्रक एवं अन्य अधिकारियों की उपस्थिति में सभी परीक्षा केंद्रों की लगातार निगरानी की गई।

AI की मदद से 15 फर्जी अभ्यर्थी पकड़े गए

आयोग ने बताया कि AI आधारित निगरानी प्रणाली से संदिग्ध अभ्यर्थियों की पहचान की गई। जांच के बाद प्रथम पाली में 7 और द्वितीय पाली में 8, यानी कुल 15 फर्जी अभ्यर्थी दूसरे अभ्यर्थियों के स्थान पर परीक्षा देते हुए पकड़े गए। सभी आरोपियों को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए स्थानीय पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।

84.76% अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा

प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, दोनों पालियों में कुल 8,07,636 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इनमें से 6,84,614 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जिससे कुल 84.76% उपस्थिति दर्ज की गई।

  • महिला अभ्यर्थियों की उपस्थिति: 84.69%
  • पुरुष अभ्यर्थियों की उपस्थिति: 84.86%

शांतिपूर्ण और नकलविहीन रही परीक्षा

आयोग ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा पारदर्शी, नकलविहीन, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। परीक्षा के सफल संचालन में जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन का सक्रिय सहयोग प्राप्त हुआ।

परीक्षा समाप्त होने के बाद अब अभ्यर्थियों की नजर आंसर-की (Answer Key) और परिणाम से संबंधित आगामी आधिकारिक घोषणाओं पर रहेगी।