03 July 2026

टीईटी देने जा रही महिला को बस ने रौंदा, पति घायल

लखनऊ, । पत्नी को गुरुवार सुबह पांच बजे यूपी-टीईटी की परीक्षा दिलाने जा रहे बाइक सवार को पीछे से तेज रफ्तार बस ने टक्कर मार दी। भागने के चक्कर में चालक बस को महिला के ऊपर से निकालकर फरार हो गया। हादसा देखकर राहगीरों की भीड़ लग गई। सूचना पर पहुंची बीबीडी पुलिस घायल दंपति को अस्पताल लेकर पहुंची। वहां, डॉक्टर ने महिला को मृत घोषित कर दिया। पति की हालत गंभीर होने पर भर्ती कर लिया।



सैरपुर स्थित छठे मील निवासी अतुल कुमार प्राइवेट जॉब करते है। परिवार में माता-पिता और पत्नी स्मृति (26) प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही थी। मृतका के पिता देवेंद्र तिवारी ने बताया कि गुरुवार को बेटी की यूपी-टीईटी की परीक्षा थी। उसका सेंटर अयोध्या में पड़ा था। अतुल गुरुवार सुबह करीब 5 बजे घर से बाइक लेकर स्मृति को परीक्षा दिलाने अयोध्या जा रहे थे। जैसे ही वह लोग बीबीडी स्थित मर्सिडीज शोरूम कट के पास पहुंचे कि पीछे से तेज रफ्तार निजी बस ने बाइक में टक्कर मार दी। भागने के चक्कर में ड्राइवर ने बस स्मृति के ऊपर से निकाल दी और मौके से भाग निकला। राहगीरों की भीड़ लग गई। इस बीच किसी ने पुलिस कंट्रोल रूम पर हादसे की जानकारी दी। सूचना पर बीबीडी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस लहूलुहान हालत में दंपति को अस्पताल लेकर पहुंची। वहां डॉक्टर ने स्मृति को मृत घोषित कर दिया। अतुल की हालत गंभीर होने पर भर्ती कर लिया। पुलिस ने परिजनों को घटना की जानकारी दी।


पति को नहीं दी स्मृति की मौत की जानकारी


हादसे में घायल युवक की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। होश में आने पर उसे परिजनों ने अभी तक स्मृति की मौत की जानकारी नहीं दी है। मृतका के पिता देवेंद्र तिवारी ने बताया कि वह बाराबंकी के रहने वाले है। स्मृति की शादी 26 फरवरी 2026 को हुई थी।