नई दिल्ली, । राष्ट्रीय राजधानी में 14 साल पहले हुए निर्भया कांड की यादें फिर ताजा हो गईं। ग्रेटर नोएडा से कश्मीरी गेट तक चलती स्लीपर बस में 16 वर्षीय नाबालिग छात्रा से चालक और कंडक्टर ने सामूहिक दुष्कर्म किया। कश्मीरी गेट थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर बस जब्त कर ली है। घटना ने यूपी और दिल्ली पुलिस की पेट्रोलिंग और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
पुलिस के अनुसार 16 वर्षीय पीड़िता परिवार सहित मैनपुरी जिले के एक गांव में रहती है। वह स्थानीय सरकारी इंटर कॉलेज में 11वीं की छात्रा है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि तीन अगस्त को उसकी मां ने पढ़ाई नहीं करने पर डांटा था। इससे नाराज होकर वह अगले दिन चार अगस्त को बिना बताए घर से निकल गई। वह नोएडा सेक्टर-63 में रहने वाले अपने चचेरे भाई के पास आने के लिए बस में सवार हो गई।
उसने बताया कि नोएडा में भारी बारिश और अंधेरा होने से भूलवश परी चौक पर उतर गई। पीड़िता ने बताया कि इसी दौरान एक अन्य बस आती दिखाई दी। पीड़िता ने बस रुकवाकर पूछा तो कंडक्टर ने बताया कि वे नोएडा सेक्टर-63 जा रहे हैं, इसके बाद पीड़िता बस में सवार हो गई।
दिल्ली में कश्मीरी गेट बसअड्डे के पास उतार कर भागे
पीड़िता ने बताया कि जब वह बस में सवार हुई तो कोई सवारी नहीं थी। बस चलने के कुछ समय बाद ही कंडक्टर ने छात्रा के साथ अश्लील हरकत शुरू कर दी। पीड़िता ने बताया कि बस में कंडक्टर और ड्राइवर ने सामूहिक दुष्कर्म किया। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। बस देर रात दिल्ली पहुंची और छात्रा को कश्मीरी गेट बस अड्डे के पास रिंग रोड पर उतार कर फरार हो गए।

