जनगणना 2027 की तैयारियों को लेकर 31 अगस्त को कार्यशाला, सभी जिलों के एडीएम वित्त एवं राजस्व होंगे शामिल
लखनऊ। जनगणना-2027 के द्वितीय चरण यानी जनसंख्या गणना (Population Enumeration) की तैयारियों को लेकर उत्तर प्रदेश में प्रशासनिक स्तर पर कवायद तेज कर दी गई है। इसी क्रम में 31 अगस्त 2026 को लखनऊ में एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की जाएगी। इसमें प्रदेश के सभी जिलों के अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) को प्रतिभाग करने के निर्देश दिए गए हैं।
राजस्व परिषद, उत्तर प्रदेश की ओर से जारी पत्र के अनुसार, कार्यशाला का आयोजन जनगणना कार्य निदेशालय, प्लॉट संख्या-1, सेक्टर-जी, अलीगंज, लखनऊ में किया जाएगा। कार्यशाला का समय सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित है।
जनगणना की तैयारियों की होगी समीक्षा
कार्यशाला में जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के तहत होने वाली जनसंख्या गणना की अग्रिम तैयारियों और कार्ययोजना की समीक्षा की जाएगी। इसके अलावा जनगणना की कार्यप्रणाली, कर्मचारियों की उपलब्धता एवं प्रशिक्षण, क्षेत्र एवं वार्ड संबंधी तैयारियों, लॉजिस्टिक व्यवस्था तथा डिजिटल प्लेटफॉर्म/पोर्टल और टैबलेट के उपयोग समेत अन्य आवश्यक तैयारियों पर अधिकारियों को मार्गदर्शन दिया जाएगा।
जिला जनगणना अधिकारियों को नामित करने के निर्देश
पत्र में सभी जिलों के अपर जिलाधिकारियों (वित्त एवं राजस्व) को कार्यशाला में अनिवार्य रूप से प्रतिभाग करने के साथ-साथ अपने-अपने जिलों में जिला जनगणना अधिकारी (वित्त/राजस्व) को नामित करने के लिए भी निर्देशित किया गया है।
यह कार्यशाला जनगणना-2027 की आगामी प्रक्रिया को व्यवस्थित और समयबद्ध ढंग से संचालित करने के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे निर्धारित तिथि और समय पर कार्यशाला में उपस्थित होकर आवश्यक तैयारियों की समीक्षा सुनिश्चित करें।

