31 August 2026

साइबर अपराध, नई शिक्षा नीति के सवालों ने छकाया

 

उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की ओर से रविवार को राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में प्रवक्ता (पीजीटी) भर्ती की मुख्य परीक्षा में पूछे गए सवालों का स्तर मध्यम से कठिन रहा। पहली में हिन्दी विषय और दूसरी पाली में मुख्य विषयों की परीक्षा थी। हिन्दी परीक्षा देकर केन्द्रों से बाहर निकले अभ्यर्थियों ने बताया कि डिजिटल संस्कृति का अंधेरा: साइबर अपराध, बाढ़ आपदा: कारण और निदान व नये भारत के निर्माण में नई शिक्षा नीति की भूमिका पर निबंध लिखना था।



पहली पाली सुबह 9:30 से 11:30 बजे एवं दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 2:30 से शाम 5:30 बजे के बीच हुई। अभ्यर्थियों को सघन तलाशी के बाद केन्द्रों के भीतर प्रवेश दिया गया। दूसरी पाली में भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान, गणित, अंग्रेजी, इतिहास, जीव विज्ञान, हिंदी, उर्दू और संस्कृत सहित अन्य विषय शामिल हैं।


जौनपुर के अमन ने बताया कि पाठ्यक्रम के भीतर के हिन्दी में सवाल पूछे गए, लेकि समय प्रबंधन की कमी महसूस हुई। लिखना अधिक पड़ा है। जिसकी वजह से निंबध पूरा नहीं लिख पाए। बदायूं के राहुल ने बताया कि मुहावरों व लोकोक्तियों में अक्ल पर पत्थर पड़ना, एक तो करेला दूसरा नीम चढ़ा, उड़ती चिड़िया के पर गिनना, आधी तीतर आधा बटेर आदि पूछे गए। अयोध्या के अभिषेक ने बताया कि यथाशीर्घ,चतुर्भुज, नीलाम्बर व दशानन के सामासिक पदों का विग्रह पूछा गया। इसके अलावा तत्सम, विलोम, संधि आदि के सवाल पूछे गए।


परीक्षा में 94.94 प्रतिशत अभ्यर्थी उपस्थित रहे


शहर में बने 26 परीक्षा केन्द्रों पर 11,548 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 10,964 शामिल हुए। जबकि 584 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। परीक्षा में 94.94 प्रतिशत अभ्यर्थी उपस्थित हुए। प्रशासन और आयोग के पुख्ता इंतजामों के बीच सभी निर्धारित केंद्रों पर परीक्षा बिना किसी व्यवधान के हुई।