10 September 2026

टास्क फोर्स के निरीक्षण में 11 विद्यालय बंद मिले

 

सिद्धार्थनगर। विद्यालयों में शैक्षिक गतिविधि और शिक्षकों की उपस्थिति की निगरानी के लिए गठित जिला स्तरीय व ब्लॉक स्तरीय टास्कफोर्स के निरीक्षण में 11 परिषदीय विद्यालय बंद मिले। रिपोर्ट मिलने के बाद बीएसए ने संबंधित 65 शिक्षकों व शिक्षण कर्मियों के एक दिन का वेतन व मानदेय बाधित करने के साथ एक सप्ताह में स्पष्टीकरण मांगा है।



बीएसए शैलेश कुमार की ओर से जारी आदेश के अनुसार बीते 21 अगस्त से छह सितंबर के बीच किए गए निरीक्षण में 11 विद्यालय बंद पाए गए। आदेश में संबंधित प्रधानाध्यापक-इंचार्ज प्रधानाध्यापक समेत समस्त विद्यालय स्टाफ को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए एक सप्ताह के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने का निर्देश दिए गए हैं। संतोषजनक जवाब न मिलने पर विभागीय कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। जिन विद्यालयों में ताला लटका मिला, उनमें बढ़नी ब्लाक के खरिकौरा, बर्डपुर के परसा बेलहरी, महदेवा मिश्रा, मिश्रौलिया, बैजनाथपुर, जोगिया ब्लाक के केवटालिया, खेसरहा ब्लाक के बैतुल्लाह, नौगढ़ ब्लाक के ककोरी, उस्का बाजार ब्लाक के सजनापार, सोहांस जनूबी और वसावनपुर विद्यालय बंद मिले। बीएसए शैलेश कुमार ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि स्पष्टीकरण प्राप्त कर उसकी समीक्षा की जाए। संतोषजनक स्पष्टीकरण नहीं मिलने की स्थिति में संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।