लखनऊ,। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंगलवार को कैबिनेट की बैठक में डेढ़ दर्जन से अधिक प्रस्तावों को मंजूरी के लिए रखा जा सकता है। इसमें प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) के जवानों का ड्यूटी भत्ता रोजाना 500 से 600 करने और कैशलेस इलाज की सुविधा देने संबंधी प्रस्ताव पर मुहर लग सकती है। इनकी संख्या करीब 30 हजार बताई जा रही है।
बैठक में वाहनों की फिटनेस के लिए नई नीति, खिलौना विनिर्माण प्रोत्साहन नीति, चित्रकूट एक्सप्रेस का संशोधित प्रस्ताव भी रखे जाएंगे। भूतपूर्व सैनिकों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं की बेहतर करने संबंधी प्रस्ताव और बेसिक शिक्षा विभाग के 14 हजार स्कूलों में स्मार्ट क्लास के लिए 300 करोड़ रुपये धनराशि देने संबंधी प्रस्ताव भी है।
कोटेदारों को 25 रुपये कुंतल अधिक मिलेंगे
राशन के उचित दर विक्रेताओं (कोटेदारों) को 25 रुपये प्रति कुंतल अधिक मार्जिन दिए जाने की पिछले दिनों घोषणा की गई थी। इस लाभांश की स्वीकृति से जुड़े प्रस्ताव भी कैबिनेट एजेंडे में शामिल है। अयोध्या के मिल्कीपुर में एनएसजी का रीजनल हब विकसित किया जाना है। इसके लिए ग्रामसभा की 65 एकड़ बंजर भूमि गृह विभाग को देने का प्रस्ताव है।

