, लखनऊ: बेसिक शिक्षा परिषद के विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों की वरिष्ठता सूची को अपडेट करने की तैयारी शुरू हो गई है। सभी प्राथमिक विद्यालयों के शिक्षकों की जिला स्तर पर वरिष्ठता सूची तैयार की जाएगी। लंबे समय बाद वरिष्ठता सूची तैयार होने से शिक्षकों की पदोन्नति की प्रक्रिया आगे बढ़ने की उम्मीद है। हालांकि, सुप्रीम कोर्ट के निर्णय के अनुसार, पदोन्नति के लिए शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) उत्तीर्ण होना जरूरी है।
जिन शिक्षकों ने अभी तक टीईटी पास नहीं किया है, उन्हें विशेष टीईटी में शामिल होने का अवसर दिया गया है। बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से विशेष टीईटी आयोजित की जा रही है। इसके लिए चार अक्टूबर तक आवेदन किए जा सकेंगे, जबकि परीक्षा तीन नवंबर को प्रस्तावित है। इसके साथ ही जिलावार वरिष्ठता सूचियों को भी अपडेट किया जा रहा है। इसमें प्रत्येक शिक्षक की सेवा संबंधी स्थिति और वरिष्ठता का सही विवरण दर्ज किया जाएगा, ताकि आगे पदोन्नति की प्रक्रिया में किसी तरह की परेशानी न हो। परिषदीय विद्यालयों में प्राथमिक शिक्षकों की पदोन्नति वर्ष 2015 में हुई थी।
इसके बाद लंबे समय से पदोन्नति की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी। अब वरिष्ठता सूची तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। ऐसे में टीईटी उत्तीर्ण शिक्षकों के लिए पदोन्नति का रास्ता साफ होने की उम्मीद है।

