15 September 2026

जनगणना के दूसरे चरण की तैयारी: कल से मास्टर ट्रेनर्स का प्रशिक्षण

 

जनगणना के दूसरे चरण की तैयारी: कल से मास्टर ट्रेनर्स का प्रशिक्षण



उत्तर प्रदेश में जनगणना-2027 के दूसरे और अंतिम चरण की तैयारियां तेज हो गई हैं। एक दिसंबर से चार जनवरी तक घर-घर जाकर जनगणना की जाएगी। इससे पहले 16 से 19 सितंबर तक राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनरों का प्रशिक्षण होगा। प्रशिक्षण लखनऊ स्थित दीनदयाल उपाध्याय राज्य ग्रामीण विकास संस्थान में आयोजित किया जाएगा। प्रशिक्षण लेने के बाद मास्टर ट्रेनर अपने-अपने जिलों में जाकर अन्य कर्मचारियों को जनगणना का प्रशिक्षण देंगे।


जनगणना शुरू होने से पहले नागरिकों को 16 से 30 नवंबर तक स्वगणना की सुविधा मिलेगी। इसके तहत लोग घर बैठे अपनी और परिवार के सदस्यों की जानकारी स्वयं दर्ज कर सकेंगे। दूसरे चरण में प्रदेश में छह लाख से अधिक कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। इस बार जनगणना में कुल 40 सवालों के जवाब देने होंगे। इनमें पहली बार जाति से जुड़ी जानकारी भी दर्ज की जाएगी। इसके अलावा व्यक्ति का नाम, परिवार के मुखिया से संबंध, जन्मतिथि, वैवाहिक स्थिति, विवाह के समय आयु, मातृभाषा और अन्य भाषाओं की जानकारी ली जाएगी। डिजिटल साक्षरता, शिक्षा, व्यवसाय तथा उद्योग, व्यापार एवं सेवा के स्वरूप से जुड़े सवाल भी होंगे। जन्म स्थान, पहले कहां रहते थे और स्थायी निवास का पता भी दर्ज किया जाएगा। परिवार में बच्चों की संख्या, कोविड-19 टीकाकरण का स्थान, बैंक खातों की कुल संख्या, मोबाइल नंबर, आधार नंबर, वोटर आईडी, उपलब्धता के आधार पर पासपोर्ट और ड्राइविंग लाइसेंस से संबंधित जानकारी भी ली जाएगी।

  • 16 से 19 सितंबर तक लखनऊ में होगी ट्रेनिंग, जिले में जाकर मास्टर ट्रेनर देंगे प्रशिक्षण

  • एक दिसंबर से चार जनवरी तक होगी घर-घर जनगणना, छह लाख से अधिक कर्मी लगेंगे