लखनऊ, । यूपी में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले मतदाताओं के मन में ईवीएम को लेकर फैली भ्रांतियां दूर की जाएंगी। सभी क्षेत्रों व पोलिंग स्टेशनों पर ईवीएम को पहुंचाया जाएगा और यहां मतदाता मॉक पोल कर उसकी जांच कर सकेंगे। यही नहीं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के सामने भी ईवीएम की टेस्टिंग की जाएगी।
सोमवार को राजधानी स्थित प्रशासन अकादमी में ईवीएम की प्रथम स्तर की जांच का प्रशिक्षण 35 जिलों के डीएम, उप निर्वाचन अधिकारी व सुपरवाइजर को ट्रेनिंग दी गई। अब जिलों में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के सामने एफएलसी जांच कर ईवीएम मशीनों की टेस्टिंग की जाएगी। कार्यक्रम में भारत निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त मनीष गर्ग ने कहा कि जिलों में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के सामने ईवीएम पर मॉक पोल कर एफएलसी जांच की जाएगी। यूपी के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने कहा कि तीन चरणों में यूपी के अधिकारियों की ट्रेनिंग पूरी हो गई है।

