यूपी में पछुआ हवाओं की रफ्तार घटी, आज से बढ़ेगा कोहरा; कई जिलों में विजिबिलिटी 200 मीटर तक पहुंची
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने लगा है। पछुआ हवाओं की रफ्तार धीमी पड़ने से सुबह के समय कोहरे का असर बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, आज से प्रदेश के कई जिलों में हल्के से मध्यम कोहरे की स्थिति बन सकती है। खासकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में सुबह के समय घना कोहरा छाने के आसार हैं। इससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित हो सकता है।
तापमान में गिरावट से बढ़ेगी ठंड
मौसम विभाग के अनुसार, अगले एक सप्ताह तक मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। इस दौरान दिन और रात के तापमान में मामूली उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। बुधवार को हरदोई, कानपुर, इटावा, बरेली, नजीबाबाद और मुजफ्फरनगर समेत कई जिलों में ठंड का असर महसूस किया गया।
बरेली में 200 मीटर तक सिमटी दृश्यता
प्रदेश के अधिकांश स्थानों पर भले ही घना कोहरा दर्ज नहीं किया गया, लेकिन बरेली में कोहरे के कारण दृश्यता घटकर करीब 200 मीटर रह गई। इससे सुबह के समय वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
अगले सात दिनों तक कैसा रहेगा मौसम?
क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, पछुआ हवाओं की गति कम होने से फिलहाल मौसम स्थिर रहेगा। अगले सात दिनों में तापमान में मामूली उतार-चढ़ाव के साथ एक से दो डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने के आसार हैं।
ऐसे में सुबह और रात के समय ठंड का असर बढ़ सकता है। वहीं, कोहरे के कारण सुबह के समय आवागमन करने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत होगी।
