पांच शिक्षिकाओं के पासपोर्ट साइज फोटो बड़े कराते पकड़ा गया रिटायर्ड कर्मचारी, पुलिस ने हिरासत में लिया
शिकोहाबाद। उत्तर प्रदेश के बेसिक शिक्षा विभाग के लेखा कार्यालय से सेवानिवृत्त एक बुजुर्ग कर्मचारी की अजीब हरकत ने पुलिस को भी हैरान कर दिया। आरोप है कि वह पांच सरकारी शिक्षिकाओं के पासपोर्ट साइज फोटो बड़े कराने के लिए एक प्रिंटिंग प्रेस पहुंचा था। वहां मौजूद प्रिंटिंग प्रेस संचालक को शक हुआ और उसने मामले की जानकारी पुलिस को दे दी।
जानकारी के मुताबिक, बुजुर्ग कर्मचारी पांच शिक्षिकाओं के पासपोर्ट साइज फोटो बड़े आकार में प्रिंट कराने के लिए प्रिंटिंग प्रेस पहुंचा था। इनमें से एक शिक्षिका का प्रिंटिंग प्रेस संचालक से परिचय था। फोटो का आकार बड़ा कराने के पीछे बुजुर्ग की ओर से कोई ठोस जवाब नहीं मिलने पर संचालक को संदेह हुआ।
शिक्षिका के पति को भी बुलाया
प्रिंटिंग प्रेस संचालक ने मौके पर शिक्षिका के पति को भी बुला लिया। वहां पहुंचे पति ने फोटो के दुरुपयोग की आशंका जताते हुए पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और बुजुर्ग को थाने ले आई।
गिहार कॉलोनी स्थित भवानी प्रिंटिंग प्रेस के संचालक ने बताया कि बुजुर्ग तीसरी बार पासपोर्ट साइज के फोटो बड़े कराने आया था। इस बार संदेह होने पर पुलिस को बुलाया गया।
वर्ष 2019 में हुआ था सेवानिवृत्त
शिकोहाबाद के फ्रेंड्स कॉलोनी निवासी यह बुजुर्ग वर्ष 2019 में बेसिक शिक्षा विभाग के अकाउंट कार्यालय से सेवानिवृत्त हुआ था। वह खुद को लेखाधिकारी बता रहा था।
पूछताछ के दौरान उसकी पत्नी ने उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने की बात कही। वहीं, इंस्पेक्टर क्राइम तस्सवर अली की पूछताछ में बुजुर्ग ने स्वीकार किया कि सेवाकाल के दौरान विभाग की फाइलों में लगे अतिरिक्त फोटो वह अपने पास रख लेता था और अपनी मर्जी से बड़े आकार में प्रिंट कराकर फाइल में रखता था।
पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है। शिक्षिकाओं के फोटो बड़े कराने के पीछे बुजुर्ग की मंशा क्या थी, इसको लेकर भी जांच की जा रही है।
