26 November 2026

Miss Universe 2026: पहली बार मां के सिर सजा मिस यूनिवर्स का ताज

Miss Universe 2026: सात साल की बेटी की मां ने जीता मिस यूनिवर्स का ताज, प्यूर्टो रिको की जेनिफर बारोटे ने रचा इतिहास

सैन जुआन (प्यूर्टो रिको)। मिस यूनिवर्स 2026 प्रतियोगिता में प्यूर्टो रिको की जेनिफर बारोटे ने खिताब जीतकर इतिहास रच दिया है। वह यह प्रतिष्ठित ताज जीतने वाली पहली शादीशुदा महिला और सात साल की बेटी की मां हैं। 75वीं मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता में 116 देशों की सुंदरियों को पीछे छोड़कर उन्होंने यह उपलब्धि हासिल की।

28 वर्षीय जेनिफर की इस जीत ने साबित किया कि मातृत्व और पेशेवर महत्वाकांक्षाएं एक-दूसरे की विरोधी नहीं हैं। उनके पास मनोविज्ञान और क्लिनिकल सोशल वर्क में मास्टर डिग्रियां भी हैं।


फरवरी में पहला रैंप वॉक, नवंबर में बनीं विश्व विजेता

जेनिफर बारोटे का मिस यूनिवर्स तक पहुंचने का सफर भी काफी दिलचस्प रहा। फरवरी 2026 में उन्होंने पहली बार रैंप वॉक किया था। इसके बाद जून में अपनी पहली सौंदर्य प्रतियोगिता में हिस्सा लिया और मिस यूनिवर्स प्यूर्टो रिको का खिताब जीतने में सफल रहीं।

इसके बाद उन्होंने अंतरराष्ट्रीय मंच पर शानदार प्रदर्शन करते हुए मिस यूनिवर्स 2026 का ताज अपने नाम कर लिया।

भारत की काजल लिज मेजो टॉप-30 तक पहुंचीं

मिस यूनिवर्स 2026 प्रतियोगिता में भारत की ओर से केरल की 19 वर्षीय काजल लिज मेजो ने हिस्सा लिया। उन्होंने प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए टॉप-30 में जगह बनाई, हालांकि वह इससे आगे नहीं बढ़ सकीं।

मिस यूनिवर्स के गाउन में दिखी भारतीय कारीगरी

इस प्रतियोगिता में भारतीय कारीगरों की प्रतिभा की झलक भी देखने को मिली। जेनिफर बारोटे ने जिस गाउन को पहनकर मिस यूनिवर्स का खिताब जीता, उसकी बारीक कारीगरी में भारतीय कारीगरों का योगदान रहा।

गाउन पर सफेद, सिल्वर और पारदर्शी सजावटी मोतियों के साथ चमकदार पत्थरों की कढ़ाई की गई थी। इसकी खूबसूरत कारीगरी भारत में हाथ से तैयार की गई थी।

2023 में बदले थे मिस यूनिवर्स के नियम

मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता में वर्ष 2023 से महत्वपूर्ण बदलाव लागू किए गए थे। इससे पहले प्रतियोगिता में केवल अविवाहित महिलाएं ही हिस्सा ले सकती थीं। लेकिन नए नियमों के तहत शादीशुदा और मां बन चुकी महिलाओं को भी प्रतियोगिता में भाग लेने की अनुमति दी गई।

जेनिफर बारोटे की जीत इस बदलाव के बाद महिलाओं के लिए खुले नए अवसरों का एक महत्वपूर्ण उदाहरण बनकर सामने आई है।

Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more