फर्जी ऐप से मोबाइल हैक कर युवक के नाम पर लिया 3.85 लाख रुपये का लोन, बैंक खाते से उड़ाई रकम
लखनऊ। साइबर ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां डॉक्टर का ऑनलाइन अपॉइंटमेंट बुक करने के लिए ऐप डाउनलोड करना एक युवक को भारी पड़ गया। जालसाजों ने फर्जी ऐप के जरिए उसका मोबाइल हैक कर आधार और पैन कार्ड की जानकारी का दुरुपयोग किया और उसके नाम पर 3.85 लाख रुपये का लोन लेकर रकम निकाल ली।
मामला गाजीपुर थाना क्षेत्र का है। पीड़ित शैलेंद्र कुमार भारती ने बैंक और फाइनेंस कंपनी के खिलाफ गाजीपुर थाने में एफआईआर दर्ज कराई है।
डॉक्टर का अपॉइंटमेंट बुक करने के दौरान हुआ मोबाइल हैक
गाजीपुर इंस्पेक्टर राजेश कुमार मौर्य के अनुसार, इंदिरानगर निवासी शैलेंद्र के पिता अस्पताल में भर्ती थे और उनकी मां की तबीयत भी खराब थी। परिजनों के इलाज के लिए वह गूगल पर डॉक्टर का अपॉइंटमेंट खोज रहे थे। इसी दौरान उन्हें एक ऐप दिखाई दिया, जिसे उन्होंने डाउनलोड कर लिया।
इसके बाद कुछ लोगों ने फोन कर अपॉइंटमेंट बुक करने के लिए पांच रुपये का भुगतान करने को कहा। भुगतान नहीं होने पर उन्होंने ऐप अनइंस्टॉल कर दिया, लेकिन इसी दौरान उनका मोबाइल हैक हो गया।
फर्जी दस्तावेजों से खुलवाया बैंक खाता
पीड़ित के पिता की बीमारी और 14 अक्टूबर को उनके निधन के कारण वह 14 अक्टूबर को मोबाइल पर आए संदेश नहीं देख पाए। 13 नवंबर को उनके पास पूनावाला फिनकॉर्प से लोन मंजूर होने का फोन आया। उन्होंने लोन लेने से इनकार किया तो फोन काट दिया।
अगले दिन कंपनी से संपर्क करने पर पता चला कि उनके मोबाइल नंबर का इस्तेमाल कर आईडी बनाई गई और उनके नाम पर लोन लिया गया था। 15 नवंबर को उनके व्हाट्सऐप पर फर्जी चालान भेजकर वसूली की जानकारी भी दी गई।
खाते से 3.85 लाख रुपये निकालकर ट्रांसफर किए
जांच में सामने आया कि 28 अक्टूबर को उनके पैन कार्ड का इस्तेमाल करके इंदौर के कोटक महिंद्रा बैंक में खाता खोला गया था। इसके बाद 13 नवंबर को 3.85 लाख रुपये का लोन लिया गया।
लोन की रकम में से शुरुआती कटौती के बाद 3,67,678 रुपये खाते में भेजे गए। यह रकम 14 और 15 नवंबर को यूपीआई तथा आईएमपीएस के माध्यम से निकाल ली गई। 16 नवंबर को खाते में केवल 10 रुपये शेष बचे थे।
पीड़ित का आरोप है कि बैंक खाता खोलने के लिए इस्तेमाल की गई फोटो और हस्ताक्षर भी फर्जी थे।
साइबर क्राइम सेल कर रही मामले की जांच
शिकायत मिलने के बाद साइबर थाने में मामला दर्ज कराया गया है। पुलिस के अनुसार, साइबर क्राइम सेल की मदद से पूरे मामले की जांच की जा रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि फर्जी ऐप के जरिए मोबाइल की जानकारी कैसे हासिल की गई और लोन की रकम किन खातों में ट्रांसफर की गई।
सावधान रहें: गूगल पर डॉक्टर या अन्य सेवाओं का अपॉइंटमेंट बुक करते समय अनजान ऐप डाउनलोड न करें। किसी भी ऐप को मोबाइल की अनावश्यक अनुमति न दें और ओटीपी, आधार, पैन तथा बैंक संबंधी जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें।
