UpdateMarts•Com
Follow Channel

18 July 2022

छह का होगा इंटरव्यू और मिलेंगे 632 प्रधानाचार्य

 प्रदेश के सहायता प्राप्त माध्यमिक स्कूलों में प्रधानाचार्य भर्ती 2013 के 632 पदों पर नियुक्ति पूरी करने के लिए उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड के अध्यक्ष वीरेश कुमार ने पहल की है। चयन बोर्ड में सदस्यों के सभी दस पद रिक्त होने के कारण अध्यक्ष ने स्वयं उन छह अभ्यर्थियों के साक्षात्कार लेने का निर्णय लिया है, जिन्हें इंटरव्यू में शामिल करने का आदेश हाईकोर्ट ने दिया है। छह अभ्यर्थियों की वजह से 632 पदों का परिणाम अटका हुआ है। इनका इंटरव्यू पूरा होने के बाद साढ़े आठ साल से फंसी इस भर्ती का परिणाम घोषित होने की उम्मीद है।


भर्ती में पहले ही काफी देरी हो चुकी है और अब आगे देरी न हो, इसके लिए अध्यक्ष साक्षात्कार लेंगे। रोचक बात है कि आठ अप्रैल 2018 को अध्यक्ष बनने के बाद से चार साल में वीरेश कुमार ने अब तक मात्र दो अभ्यर्थियों के ही साक्षात्कार लिए हैं। एक अभ्यर्थी प्रधानाचार्य भर्ती 2011 में फैजाबाद मंडल का था जबकि दूसरी अभ्यर्थी प्रवक्ता भर्ती 2016 में भौतिक विज्ञान विषय की थी। हालांकि इन छह अभ्यर्थियों के साक्षात्कार लेने से पहले अध्यक्ष सभी से सहमति पत्र भरवा रहे हैं कि जिस दिन और समय पर बुलाया जाएगा, वह मौजूद रहेंगे। इसके लिए सभी छह अभ्यर्थियों को अपने-अपने जिला विद्यालय निरीक्षकों के समक्ष उपस्थित होकर सहमति पत्र पर हस्ताक्षर करना है और डीआईओएस को भी हस्ताक्षर करना है। सूत्रों के अनुसार सहमति पत्र मिलने के दस दिन बाद साक्षात्कार होने की उम्मीद है।

Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more