नुकसान : इस बार की अवकाश तालिका में रविवार को छह छुट्टियां



प्रयागराज : बेसिक शिक्षा परिषद के विद्यालयों/मान्यता प्राप्त बेसिक विद्यालयों में वर्ष 2024 की अवकाश तालिका सचिव प्रताप सिंह बघेल ने जारी कर दी है। इसमें कुल 36 दिवस का अवकाश है। पर्व/ जयंती की छह छुट्टियां रविवार को पड़ रही हैं, इसलिए छह छुट्टियों का नुकसान हुआ है। इसके विपरीत पांच पर्व/जयंती शनिवार या सोमवार को पड़ने के कारण रविवार के साथ दो लगातार अवकाश का लाभ मिला है। अवकाश तालिका में वर्ष 2023 में चौधरी चरण सिंह की जयंती पर 23 दिसंबर को दिए अवकाश को 2024 की अवकाश तालिका में जोड़े जाने की मांग की गई है।

अवकाश तालिका के मुताबिक होलिका दहन, डा. भीमराव आंबेडकर जयंती, महावीर जयंती, चेहल्लुम, गुरुतेगबहादुर जयंती रविवार को पड़ रही है। इस कारण पांच अवकाश का नुकसान हुआ है। इसके अलावा दीपावली से चित्रगुप्त जयंती के बीच घोषित चार अवकाश में एक रविवार को है। इस तरह कुल छह अवकाश का नुकसान हुआ है। इसके विपरीत संत रविदास जयंती पर अवकाश तो दिया गया है, लेकिन वर्ष 2024 में यह अवकाश 24 फरवरी को है, जबकि वर्ष 2023 में पांच फरवरी को था। इसके अलावा हरितालिका तीज अथवा हरियाली तीज, करवा चौथ, संक्ठा चतुर्थी एवं हलष्ठी/ललई छठ, जीउतिया व्रत/अहोई अष्टमी का अवकाश शिक्षिकाओं को तथा पितृ विसर्जन का अवकाश शिक्षकों को दिया जाएगा।

शीत अवकाश 31 दिसंबर से 14 जनवरी तक तथा ग्रीष्म अवकाश 20 मई से 15 जून तक रहेगा। राष्ट्रीय पर्वों पर विद्यालय में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त शैक्षणिक समय एक अप्रैल से 30 सितंबर तक सुबह आठ बजे से दोपहर दो बजे तक एवं एक अक्टूबर से 31 मार्च तक सुबह नौ बजे से दोपहर तीन बजे तक रहेगा। ग्रीष्मकाल में मध्यावकाश सुबह 10:30 से 11 बजे तक तथा शीतकाल में दोपहर 12 से 12:30 बजे तक होगा।



शीत अवकाश 31 दिसंबर से 14 जनवरी तक, ग्रीष्म अवकाश 20 मई से 15 जून तक, रविवार को छह छुट्टिया