UpdateMarts•Com
Follow Channel

18 July 2025

प्राथमिक स्कूल में करंट से छात्र की मौत,हंगामा

गोरखपुर। झंगहा थाना क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय रामपुर में करंट की चपेट में आने से पांचवीं में पढ़ने वाले एक छात्र की मौत हो गई। गुरुवार को अपराह्न 1.50 बजे छुट्टी होने पर छात्र अपने घर के लिए निकला था। परिसर में रखे गए ट्रांसफार्मर के पोल के स्टेक में करंट आने से यह हादसा हुआ।



छात्र की मौत की सूचना मिलते ही गांव में कोहराम मच गया। स्कूल प्रशासन और बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने दो घंटे तक शिक्षकों को स्कूल में बंधक बनाए रखा।


प्रशासन के साथ विधायक ने किसी तरह से समझाकर ग्रामीणों को शांत कराया और शव को कब्जे में लिया। रामपुरा गांव निवासी प्रमोद का दस साल का बेटा अंकित गांव के प्राथमिक विद्यालय में कक्षा पांच का छात्र था। स्कूल की प्रधानाध्यापिका सरवर जहां अंसारी ने बताया कि छुट्टी के बाद घर जाने के लिए बच्चे भागते हुए निकलते हैं।


इसी दौरान अंकित ने जिस पोल पर ट्रांसफार्मर रखा है, उसके स्टेक को पकड़ लिया। उसमें करंट आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे पीएचसी ब्रह्मपुर ले जाया गया, डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि बारिश की वजह से ट्रांसफार्मर के पोल से लगे स्टेक में करंट आ रहा था। स्थानीय लोगों का कहना है कि उस ट्रांसफार्मर से अक्सर पास के पीपल के पेड़ में करंट उतर जाता था। कुछ दिन पहले ही पेड़ को स्कूल के शिक्षकों ने कटवाया था।

Guruji Portal: Hindi Notes| Free Exam Notes |GS Notes| Quiz| Books and lots more