प्रयागराज में 19 अगस्त को सभी स्कूल बंद, भारी बारिश के चलते लिया गया फैसला
प्रयागराज। जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश और जलभराव को देखते हुए जिला प्रशासन ने विद्यार्थियों और शिक्षकों की सुरक्षा के मद्देनजर 19 अगस्त 2026 को स्कूलों में अवकाश घोषित किया है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, प्रयागराज अनिल कुमार की ओर से 18 अगस्त को जारी आदेश के अनुसार, जिलाधिकारी के निर्देश के क्रम में जनपद प्रयागराज एवं आसपास के क्षेत्रों में लगातार हो रही मूसलाधार वर्षा एवं जलभराव के कारण शिक्षकों और छात्र-छात्राओं का विद्यालय पहुंचना कठिन हो गया है।
प्री-प्राइमरी से कक्षा 12 तक स्कूल रहेंगे बंद
आदेश के तहत 19 अगस्त 2026 को प्री-प्राइमरी से कक्षा 12 तक के सभी परिषदीय, माध्यमिक तथा सभी बोर्ड से मान्यता/सहायता प्राप्त अंग्रेजी एवं हिंदी माध्यम विद्यालयों में अवकाश घोषित किया गया है।
प्रशासन ने यह निर्णय किसी भी संभावित दुर्घटना से बचने तथा शिक्षकों एवं अध्ययनरत छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम भी होंगे प्रभावित
अवकाश को देखते हुए खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि ब्लॉक संसाधन केंद्रों (BRC) पर संचालित प्रशिक्षण कार्यक्रमों को आगामी तिथियों में आयोजित कराना सुनिश्चित करें।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी प्रबंधकों, प्रधानाध्यापकों, प्रधानाचार्यों एवं संबंधित विद्यालयों को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
आदेश संख्या 412/2026-27 दिनांक 18 अगस्त 2026 के माध्यम से यह निर्देश जारी किया गया है।

