शिक्षक अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा से करें निर्वहन: अनिल यादव
देवरिया। सदर ब्लॉक के कंपोजिट विद्यालय असना में मंगलवार को न्याय पंचायत बरडीहा लाला के समस्त प्रधानाध्यापकों एवं शिक्षकों की संकुल बैठक आयोजित हुई। बैठक में विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने, शिक्षण व्यवस्था को प्रभावी बनाने और बच्चों के सर्वांगीण विकास पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश बीटीसी शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष अनिल यादव ने कहा कि शिक्षकों के ऊपर बड़ी जिम्मेदारी है। शासन, अभिभावकों और समाज की शिक्षकों से बड़ी अपेक्षाएं हैं। शिक्षक बच्चों के साथ-साथ समाज को भी नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसलिए सभी शिक्षक अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करते हुए विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बच्चों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दें।
उन्होंने कहा कि शिक्षण व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए बच्चों की जरूरतों के अनुरूप शिक्षण पद्धतियों को अपनाना जरूरी है। विद्यालयों में ऐसा वातावरण बनाया जाए, जिससे बच्चे सीखने के लिए प्रेरित हों और उनकी प्रतिभा का समुचित विकास हो सके।
संकुल बैठकों को औपचारिकता तक सीमित न रखने पर जोर
न्याय पंचायत बरडीहा लाला के संकुल प्रभारी शैलेन्द्र नाथ चौबे ने कहा कि संकुल बैठकों को महज औपचारिकता तक सीमित नहीं रखना चाहिए। इन बैठकों के माध्यम से शिक्षक अपने अनुभव साझा करें और विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता बेहतर बनाने के लिए प्रभावी रणनीति तैयार करें।
उन्होंने कहा कि बैठकों का उद्देश्य शिक्षकों के बीच अनुभवों का आदान-प्रदान, नवीन शिक्षण पद्धतियों का प्रसार और विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करना है। उन्होंने शिक्षकों से नवाचारों को अपनाकर विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया।
निपुण भारत मिशन और गतिविधि आधारित शिक्षण पर चर्चा
वरिष्ठ शिक्षक शुभनारायण यादव ने परिषदीय विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और निपुण भारत मिशन के लक्ष्यों को प्राप्त करने पर जोर दिया। उन्होंने शिक्षण विधियों, प्रेरणा ऐप पर रिपोर्टिंग तथा अकादमिक मुद्दों पर चर्चा करते हुए स्थानीय मान और व्यवस्थित डिकोडिंग आधारित गतिविधियों को शिक्षण प्रक्रिया में शामिल करने की बात कही।
बैठक में बालवाटिका-3 के प्रभावी संचालन, शत-प्रतिशत नामांकन, बाल-अनुकूल एवं आनंदमय वातावरण, गतिविधि आधारित शिक्षण और टीएलएम (शिक्षण-अधिगम सामग्री) के प्रभावी उपयोग पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही अभिभावकों की सहभागिता बढ़ाने की आवश्यकता भी बताई गई।
समग्र प्रगति पत्र को लेकर भी चर्चा
शिक्षकों ने समग्र प्रगति पत्र को केवल परीक्षा परिणाम तक सीमित न रखते हुए पूरे वर्ष की सीखने की प्रक्रिया का अभिलेख बनाने पर चर्चा की। विद्यार्थियों के विभिन्न प्रमाणों और गतिविधियों के आधार पर निष्पक्ष एवं सकारात्मक आकलन करने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में प्रधानाध्यापक राम श्रृंगार यादव, शशिभूषण सिंह, संध्या यादव, रम्भा सिंह, राकेश मिश्र, हरेन्द्र यादव, कुसुम देवी और राम प्रताप यादव सहित न्याय पंचायत बरडीहा लाला के समस्त प्रधानाध्यापक एवं शिक्षक उपस्थित रहे।
बैठक की अध्यक्षता संकुल प्रभारी शैलेन्द्र नाथ चौबे ने की, जबकि संचालन राम प्रताप यादव ने किया।

