भर्ती परीक्षाओं का वार्षिक कैलेंडर, चयन प्रक्रिया तय समय में होगी पूरी
• लखनऊ : सरकारी नौकरियों की भर्ती प्रक्रिया में देरी रोकने के लिए अब परीक्षाओं से लेकर नियुक्ति तक की पूरी प्रक्रिया को समयबद्ध करने पर जोर दिया गया है। मुख्य सचिव एसपी गोयल ने सोमवार को विभिन्न चयन आयोगों और भर्ती बोर्डों के साथ बैठक में भर्ती परीक्षाओं का वार्षिक कैलेंडर तैयार कर निर्धारित समय सीमा में प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार के अधिक अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
आयोग और भर्ती बोर्ड अपनी स्वायत्तता व नियमों का पालन करते हुए परीक्षा आयोजन, परिणाम, अभिलेख सत्यापन और नियुक्ति की प्रक्रिया तय समय में पूरी करें। जहां किसी स्तर पर काम लंबित हो, वहां उसकी नियमित समीक्षा कर आपसी समन्वय से तेजी लाई जाए।
मुख्य सचिव ने भर्ती परीक्षाओं की पारदर्शिता, निष्पक्षता और विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए आधुनिक तकनीक के अधिक इस्तेमाल पर भी जोर दिया। कहा कि भर्ती प्रक्रिया तेज करने के साथ परीक्षा की गुणवत्ता से समझौता नहीं होना चाहिए।
आयोगों और भर्ती बोर्डों के बीच अनुभव साझा करने से भी व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सकता है। बैठक में विभिन्न संस्थाओं ने चल रही भर्ती परीक्षाओं और चयन प्रक्रिया की प्रगति की जानकारी दी।
प्रमुख सचिव नियुक्ति एवं कार्मिक एम. देवराज, उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग के अध्यक्ष प्रशांत कुमार, प्रमुख स्टाफ ऑफिसर अमृता सोनी और उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग, उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग एवं उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती बोर्ड के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

